रिहावली में मतदान कक्ष में हमलावरों ने की थी तोड़फोड़
- फोटो : अमर उजाला
आगरा जिले के फतेहाबाद ब्लाक के रिहावली और जगनेर ब्लाक के चंदसौरा गांव में पुनर्मतदान की मुनादी शुरू हो गई है। दोनों गांव में दो मतदेय स्थलों पर 21 अप्रैल को दोबारा मतदान होगा। इसके लिए सोमवार को जिला निर्वाचन अधिकारी प्रभु एन सिंह ने दो सेक्टर मजिस्ट्रेट तैनात कर दिए हैं।
पंचायत चुनाव के पहले चरण में 15 अप्रैल को हुए मतदान के दिन रिहावली और चंदसौरा गांव में जमकर वबाल हुआ था। दो मतदेय स्थलों से मतपेटियां लूट ली गईं थीं। जिलाधिकारी ने मतदान निरस्त करते हुए पुनर्मतदान की संस्तुति राज्य निर्वाचन आयोग को भेजी थी।
रिहावली के मतदेय स्थल पर 451 मतदाता हैं। चंदसौरा में 643 मतदाता हैं। यहां प्रधान, सदस्य ग्राम पंचायत, सदस्य क्षेत्र पंचायत एवं सदस्य जिला पंचायत के लिए 21 अप्रैल को पुनर्मतदान होगा। सोमवार को डीएम ने फतेहाबाद नायब तहसीलदार सौरभ कुमार को रिहावली और खेरागढ़ तहसीलदार सर्वेश कुमार को चंदसौरा के पुनर्मतदान के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेट नियुक्त किया है।
पोलिंग पार्टी रवाना
दोनों गांव में पुनर्मतदान के लिए मंगलवार को पोलिंग पार्टियां रवाना हुई। मतगणना स्थल से पहले नई मतपेटियां ली जाएंगी। फिर पुनर्मतदान के बाद इन्हें स्ट्रांग रूम में जमा किया जाएगा। 2 मई को 15 ब्लॉक में मतगणना होगी।
संबंधित खबरें:
आगरा: पोलिंग बूथ से मतपेटी लूटने का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार, गोली लगने से हुआ घायल
पंचायत चुनाव: आगरा में मतपेटी लूट का वीडियो वायरल, जिले के दो बूथों का मतदान निरस्त