फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। अलग अलग समाज की दो युवतियां एक दूसरे के साथ शादी करने की जिद पर अड़ गईं। परिजन की सूचना पर पुलिस दोनों युवतियों को काउंसलिंग के लिए थाने लाई है, जहां काफी समझाने के बावजूद युवतियां एक दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई हैं।
नगर क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली दो युवतियां आपस में सहेली हैं। अलग-अलग समाज की रहने वाली युवतियां पिछले पांच वर्षों से एक दूसरे के सम्पर्क में थीं, उनका घर भी आमने-सामने है। समय बीतने के साथ दोनों की दोस्ती इतनी गहरी हो गई कि वो प्यार में बदल गई।
दोनों एक-दूसरे के साथ जीने-मरने की कसमें खाने लगीं। सोमवार को दोनों युवतियां एक ही घर में साथ रहीं। जब परिजन ने इस बात पर नाराजगी जताई तो बात बिगड़ गई। दोनों युवतियों ने अपने-अपने परिवार वालों से बगावत कर दी। दोनों शादी करने की जिद पर अड़ गईं।
सूचना मिलने पर पहुंची शिकोहाबाद पुलिस युवतियों को साथ में थाने ले आई। जहां दोनों की पुलिस काउंसलिंग कर रही है। लगभग एक घण्टे के प्रयास के बावजूद युवतियां एक-दूसरे के साथ रहने की जिद पर अड़ी हुई हैं। दोनों के परिवारीजन भी थाने में अपनी-अपनी बेटियों को समझाने में लगे हुए हैं।