फिरोजाबाद जिले में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए पद से हटाए गए तीन ब्लॉक प्रमुखों को सुप्रीम कोर्ट से राहत मिल गई है। इनको यूपी में भाजपा की सरकार आने के बाद जुलाई-अगस्त 2017 में अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हटाया गया था।
तीन में से टूंडला और नारखी ब्लॉक के प्रमुखों ने मंगलवार को दोबारा कार्यभार संभाल लिया। जसराना ब्लाक के प्रमुख बुधवार को कार्यभार संभालेंगे। कोर्ट के इस आदेश से भाजपा को तगड़ा झटका लगा है। ब्लाक पर कब्जे करने की भाजपा की रणनीति धराशाई हो गई है।
सूबे में जब भाजपा की सरकार बनी तो पंचायतों की सरकार पर कब्जे के लिए भाजपा ने बिसात बिछाना शुरू कर दिया। रणनीति सपा के ब्लॉक प्रमुखों को हटाने की बनाई गई। अविश्वास प्रस्ताव के जरिए जिले में सपा की टूंडला ब्लॉक प्रमुख बीना कुमारी, नारखी के डा. दिनेश यादव और जसराना में डा. रामपाल सिंह को अविश्वास प्रस्ताव के जरिए हटा दिया गया था।
अविश्वास प्रस्ताव आने के बाद तीनों ब्लाक में से नारखी ब्लाक प्रमुख व बीना ने हाईकोर्ट में अविश्वास प्रस्ताव की वैधानिकता पर सवाल उठाते हुए याचिका दायर की, लेकिन हाईकोर्ट ने याचिका खारिज कर दी।