यमुना घाट पर ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा, साथ में अधिकारीगण
- फोटो : अमर उजाला
प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने रविवार को वृंदावन कुंभ क्षेत्र, यमुना घाटों और परिक्रमा मार्ग का निरीक्षण किया। अधिकारियों को स्वच्छता और ट्रैफिक व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। ऊर्जा मंत्री ने ठाकुर श्रीबांकेबिहारी के दर्शन कर कुंज गलियों का निरीक्षण शुरू किया।
उन्होंने संतों और श्रद्धालुओं के सुझाव सुने, स्वच्छता कार्यों में सहयोग की अपील की। केशीघाट के निरीक्षण के दौरान घाट में प्रकाश की व्यवस्था बढ़ाने के निर्देश दिए। चीर घाट में गंदे पानी के जमाव पर नाराजगी जाहिर करते हुए नगर निगम को समस्या को जल्द हल करने के निर्देश दिए।
भीड़ प्रबंधन को लेकर ठोस योजना बनाने के निर्देश
ऊर्जा मंत्री ने जल निगम से स्वामी घाट और बंगाली घाट की एसटीपी तक के लाइन के कार्य को भी तय समय में पूरा करने के लिए कहा। शाही स्नान में उमड़ी भारी भीड़ के अनुभवों से सबक लेकर होली के दौरान और रंगभरनी एकादशी के दिन आने वाली भीड़ के प्रबंधन के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।