आगरा जिले के नौ विधानसभा क्षेत्रों में फिर से 'कमल' खिला है। गुरुवार को आए चुनाव नतीजों में भाजपा ने पिछला प्रदर्शन दोहराते हुए सभी सीटों पर जीत दर्ज की है। विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत के बाद कार्यकर्ताओं ने जमकर जश्न मनाया। मतगणना स्थल से लेकर शहर तक ढोल की थाप पर डांस किया। समर्थकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर जीत की बधाई दी। जीत का जश्न देर रात तक चलता रहा। लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी मनाई।
आगरा छावनी (सुरक्षित) विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी और राज्यमंत्री डॉ. जीएस धर्मेश ने कब्जा बरकरार रखा है। उन्होंने सपा के कुंवरचंद वकील को 48,471 वोटों से हराया। बसपा के डॉ. भारतेंदु अरुण तीसरे स्थान पर रहे। छावनी की सुरक्षित सीट पर डॉ. जीएस धर्मेश सहित 10 प्रत्याशी मैदान में थे।
आगरा ग्रामीण से पूर्व राज्यपाल बेबीरानी मौर्य का झंडा बुलंद रहा। लोगों ने उन्हें 1.36 लाख से अधिक वोट देकर जीत की रानी बना दिया। उन्होंने बसपा की किरनप्रभा केसरी को 76,188 मतों से हराया। मौर्य पहली बार विधायक बनी हैं। इससे पहले वह आगरा की मेयर रह चुकी हैं।