मथुरा जिले में विधानसभा चुनाव के पहले चरण में गुरुवार को मतदान को लेकर गजब का उत्साह दिखा। मथुरा से भाजपा प्रत्याशी एवं ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने पत्नी के साथ गोवर्धन के दानघाटी मंदिर में गिरिराजजी की पूजा अर्चना कर अपने पैतृक गांव में मतदान किया। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा गोवर्धन विधानसभा क्षेत्र के गांव गांठोली के निवासी हैं। इनके इस विधान सभा क्षेत्र से 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा के कारिंदा सिंह विधायक चुने गए थे। इस बार कारिंदा सिंह की जगह ठाकुर मेघश्याम सिंह को भाजपा ने चुनाव मैदान में उतारा है। श्रीकांत शर्मा मथुरा वृंदावन विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने पहले अपने गांव पहुंच कर पत्नी के साथ मतदान किया। श्रीकांत शर्मा ने कहा कि विकास हमारी पहचान है, विकास ही हमारा मुख्य मुद्दा है।