नामांकन सुबह 11 बजे से शुरू होकर तीन बजे तक चलेगा। नामांकन कक्ष में भी प्रवेश पर इस बार पाबंदी लगाई गई है। कोरोना के दृष्टिगत एक बार में केवल तीन लोग ही नामांकन कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। ऐसे में एक प्रत्याशी और दो प्रस्तावकों को ही प्रवेश मिल सकेगा। सभी को मास्क लगाना अनिवार्य किया गया है। नामांकन कक्ष में प्रत्याशी रिटर्निंग अधिकारी को अपना नामांकन पत्र अधिकतम चार सेटों में उपलब्ध करा सकेंगे।
ऑनलाइन भी कर सकते हैं नामांकन
इस बार चुनाव आयोग ने ऑनलाइन नामांकन की सुविधा दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी पोर्टल पर कोई भी प्रत्याशी औपचारिकताएं पूर्ण कर अपना नामांकन कर सकता है। ऑनलाइन नामांकन प्रक्रिया पूर्ण करने के बाद उसकी हार्डकॉपी भी निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत करनी होगी।
ऑनलाइन जमा कर सकते हैं जमानत राशि
विधानसभा चुनाव के लिए जमानत राशि में कोई बदलाव नहीं किया गया है। पूर्व के ही अनुसार अनारक्षित वर्ग को दस हजार रुपये की धनराशि और अनुसूचित जाति व जनजाति के प्रत्याशियों को पांच हजार रुपये की जमानत राशि जमा करनी होगी। ये जमानत राशि ऑनलाइन भी जमा कराई जा सकती है।नामांकन के दौरान ऑनलाइन राशि जमा करने की रसीद प्रस्तुत करनी होगी।
दो दिन रहेगा अवकाश
नामांकन प्रक्रिया 25 जनवरी से शुरू होकर एक फरवरी तक चलेगी। इसमें दो दिन के लिए अवकाश भी रहेगा। 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस के चलते अवकाश रहेगा तो वहीं 30 जनवरी को रविवार के चलते अवकाश रहेगा। ऐसे में प्रत्याशियों को नामांकन के लिए छह दिन का मौका ही मिलेगा।
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन तीन बजे तक नामांकन स्थल पर पहुंचने वाले सभी प्रत्याशियों का नामांकन स्वीकार किया जाएगा। लेकिन तीन बजे के बाद पहुंचने वाले प्रत्याशियों को नामांकन स्वीकार नहीं किया जाएगा।
ये है चुनाव कार्यक्रम
- 25 जनवरी को सुबह 11 बजे से शुरू होंगे नामांकन
- 01 फरवरी को अपराह्न तीन बजे तक कर सकेंगे नामांकन
- 02 फरवरी को नामांकन पत्रों की जांच
- 04 फरवरी को नामांकन व पापसी का मौका
- 20 फरवरी को होगा मतदान
- 10 मार्च को होगी मतों की गणना।
ये बनाए गए हैं नामांकन कक्ष
विधानसभा क्षेत्र नामांकन कक्ष
- मैनपुरी (107) न्यायालय उप जिलाधिकारी मैनपुरी कक्ष संख्या 21
- भोगांव (108) न्यायालय राजस्व अधिकारी मैनपुरी कक्ष संख्या 25
- किशनी (109) न्यायालय अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कक्ष संख्या 15
- करहल (110) न्यायालय अपर जिलाधिकारी न्यायिक मैनपुरी कक्ष संख्या 13
जिला निर्वाचन अधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने बताया कि नामांकन की सभी तैयारी पूर्ण कर ली गई हैं। 25 जनवरी को अधिसूचना जारी होने के साथ पूर्वाह्न 11 बजे से नामांकन शुरू हो जाएगा। निर्धारित समय में निर्धारित कक्ष में प्रत्याशी अपना नामांकन कर सकते हैं। सभी को चुनाव आयोग के नियमों का और कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना अनिवार्य है।