हाईस्कूल टॉपर इशिका, और इंटर के टॉपर भानू
- फोटो : अमर उजाला
यूपी बोर्ड हाईस्कूल की परीक्षा में अलीगंज के गांव मोहकमपुर स्थित श्रीगांधी स्मृति इंटर कॉलेज की छात्रा इशिका ने एटा जिले में टॉप किया है। वहीं इंटरमीडिएट में भानू वर्मा ने पहला स्थान हासिल किया है। जिले में हाईस्कूल के 84.57 और इंटरमीडिएट के 84.33 प्रतिशत परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए हैं। इस बार परीक्षा परिणाम में शहर पीछे रह गया और देहात क्षेत्र के स्कूलों के बच्चे टॉप विद्यार्थियों की सूची में शामिल हुए।
हाईस्कूल का परिणाम दोपहर दो बजे घोषित किया गया। श्री गांधी स्मृति इंटर कॉलेज मोहकमपुर की छात्रा इशिका पुत्री हरीराम ने 93.83 फीसदी अंक पाकर जिले में टॉप किया है। 10वीं में ही दूसरे स्थान पर ठाकुर लटूरी सिंह इंटर कॉलेज खिरिया धुमरी के छात्र अखिल प्रताप सिंह और श्रीमती एलएसडी इंटर कॉलेज मुशिहार जलेसर की छात्रा अंशू राजपूत 93.50 प्रतिशत अंकों के साथ दूसरे स्थान पर रही हैं।
इंटरमीडिएट में एमजीएचएम इंटर कॉलेज मारहरा के छात्र भानू वर्मा ने 91 फीसदी अंक पाकर जिला टॉप किया है। इसी विद्यालय की सफद पुत्री मुहम्मद अकरम निवासी मोहल्ला काजी मारहरा 87 फीसदी अंक लाकर द्वितीय स्थान पर रही हैं। एमजीएचएम इंटर कॉलेज मारहरा के छात्र लकी चौहान 86.80 अंक प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे हैं।