मैनपुरी। यूपी बोर्ड परीक्षा के मूल्यांकन कार्य की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। जिले में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए दो व इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन के लिए भी दो कॉलेजों को केंद्र बनाया गया है। जिले में हाईस्कूल की 2.32 लाख व इंटरमीडिएट की 1.66 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा।
जिले में यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए चार मूल्यांकन केंद्र बनाए गए हैं। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज मैनपुरी और नरसिंह इंटर कॉलेज करहल पर इंटरमीडिएट की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन होना है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज और जैन इंटर कॉलेज करहल में हाईस्कूल की उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। राजकीय इंटर कॉलेज में 99807 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। यहां 65 प्रधान परीक्षक व 397 परीक्षकों की तैनाती की गई है। नरसिंह इंटर कॉलेज करहल पर 66452 उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाएगा। यहां 29 प्रधान परीक्षक व 256 परीक्षकों की तैनाती की गई है। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पर 1.25 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है। 65 प्रधान परीक्षक व 700 परीक्षकों को तैनात किया गया। जैन इंटर कॉलेज करहल पर 1.17 लाख उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन किया जाना है। 59 प्रधान परीक्षक व 550 परीक्षकों की तैनाती की गई है। सभी केंद्रों पर वहां के प्रधानाचार्यों को उप नियंत्रक नियुक्ति किया गया है।
ड्यूटी पत्र प्राप्त कर लें परीक्षक
मूल्यांकन की तैयारी पूरी की जा रही है। उत्तर पुस्तिकाएं भी पहुंचना शुरू हो गई हैं। सभी प्रधानाचार्य अपने यहां के परीक्षकों के ड्यूटी पत्र प्राप्त कर लें अन्यथा की स्थिति में उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
मनोज कुमार वर्मा जिला विद्यालय निरीक्षक