ॉयूपी बोर्ड की परीक्षा देतीं छात्राएं।
- फोटो : अमर उजाला।
आगरा में चल रही यूपी बोर्ड की परीक्षा में सोमवार को दो फर्जी परीक्षार्थी पकड़े गए हैं। इसमें एक तो स्कूल की शिक्षिका है, जो छात्रा के स्थान पर विज्ञान की परीक्षा देने आई थी। पेपर शुरू होने से पहले ही उसे पकड़ लिया, लेकिन मौका पाकर वह भाग निकली। इसके खिलाफ थाने में एफआईआर कराई है। दूसरा परीक्षार्थी छात्र है।
श्रीमती भगवती देवी इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक हरीबाबू शर्मा ने बताया कि सुबह हाईस्कूल विज्ञान की परीक्षा थी। इसमें सुबह 8:10 बजे कक्ष संख्या दो में सोनिया तोमर का प्रवेशपत्र लेकर एक परीक्षार्थी आई। कदकाठी देखकर कुछ संशय हुआ, प्रवेशपत्र देखा तो फोटो मिलान नहीं हुआ।
उत्तर पुस्तिका पर हस्ताक्षर करवाने के लिए किया तो वह भी गलत थे। इस पर महिला शिक्षिका को बुलाया गया और सख्ती से पूछा तो उसने अपना नाम रितु बताया। वह गुलकंदी देवी इंटर काॅलेज में विज्ञान की शिक्षिका है। इस पर स्टेटिक मजिस्ट्रेट अवधेश गुप्ता रिपोर्ट बनाने लगे, इसी बीच फर्जी परीक्षार्थी मौका पाकर फरार हो गई। छात्रा और शिक्षिका के खिलाफ एफआईआर कराई गई है।
रुपये लेकर परीक्षा देने आया था फर्जी छात्र
श्रीचंद्रभान सिंह इंटर कॉलेज मुखरई में हाईस्कूल की विज्ञान की परीक्षा देते हुए फर्जी छात्र पकड़ा है। आंतरिक सचल दल प्रभारी रुपेंद्र कुमार ने बताया कि सुबह 9 बजे कक्ष संख्या सात में एक परीक्षार्थी पर फर्जी होने का संशय हुआ। उससे प्रवेशपत्र और आधार कार्ड मांगा। प्रवेशपत्र की फोटाेकापी थी, जिसमें उसके फोटो का मिलान नहीं हुआ। सख्ती की तो उसने अपना नाम राहुल निवासी सुरजमल का पुरा थाना शमसाबाद बताया। उसने बताया कि वह गोविंद प्रधान के स्थान पर परीक्षा देने आया है। इसे पकड़कर पुलिस को सौंप दिया है। परीक्षार्थी और फर्जी छात्र के खिलाफ एफआईआर कराई है।
अभी तक चार फर्जी छात्र पकड़े
यूपी बोर्ड परीक्षा में अभी तक चार फर्जी छात्र पकड़े जा चुके हैं। इससे पहले बीते मंगलवार को श्री भवानी सिंह इंटर कॉलेज टेढ़ी बगिया में भी दो फर्जी छात्र पकड़े थे, इसमें से एक तो छत से कूदकर भागने की कोशिश में धरा भी गया।