उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 के लिए भारतीय जनता पार्टी के दिग्गजों ने चुनावी रणनीति पर काम करना तेज कर दिया है। प्रदेश में विपक्षी दलों के बन रहे गठबंधन को लेकर भाजपा अपनी पकड़ मजबूत करने में जुट गई है। मंगलवार को उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा आगरा में रात में पहुंचे। बुधवार को सीएम योगी आगरा से होकर वृंदावन पहुंचेंगे। बुधवार को भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष और उप मुख्यमंत्री आगरा में रहकर जनसभा के साथ ही पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक और मंथन करेंगे।
कार्यकर्ताओं की भीड़ पहुंची
उप मुख्यमंत्री डॉ. दिनेश शर्मा मंगलवार की सुबह एयरपोर्ट पर पहुंचकर कार से सीधे अलीगढ़ के लिए रवाना हुए। इसके बाद करीब आठ बजे डॉ. दिनेश शर्मा आगरा लौटे। आगरा के सर्किट हाउस में पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधियों की भीड़ पहुंच गई।
पन्ना प्रमुख बनेंगे भाजपा की जीत के सूत्रधार
चुनावों की तैयारियों में जुट जाएं। सकारात्मक भाव से सभी काम करें। पन्ना प्रमुख भाजपा की जीत का सूत्रधार बनेंगे। संगठन पदाधिकारी पन्ना प्रमुखों के सहयोगी बनें। ये मंत्र मंगलवार रात नौ बजे सर्किट हाउस में डिप्टी सीएम डॉ. दिनेश शर्मा ने पार्टी पदाधिकारियों को दिया है।
महानगर अध्यक्ष भानु महाजन ने बताया कि बैठक में सभी मंडल अध्यक्ष, प्रभारी व मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के संयोजक मौजूद रहे। चुनाव को लेकर तैयारियों में जुटने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पन्नों प्रमुखों के संपर्क में रहने और उनके बीच बेहतर सामंजस्य स्थापित करने की बात कही है। मेयर नवीन जैन, जिलाध्यक्ष गिर्राज कुशवाह, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, रामप्रताप चौहान, महेश गोयल और दिगंबर सिंह धाकरे, उपमुख्यमंत्री का स्वागत किया।
बुधवार सुबह 10 बजे सर्किट हाउस में डॉ. शर्मा मंडल के जिला विद्यालय निरीक्षक, संयुक्त शिक्षा निदेशक एवं विश्वविद्यालय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। 11 बजे छीपीटोला में पार्श्व नाथ दिगंबर जैन मंदिर में चतुर्विशति जिनालय का शिलान्यास करेंगे। दोपहर 12 बजे छीपीटोला से उर्खरा जाएंगे। देवरी रोड उर्खरा पर राजकीय डिग्री कॉलेज का भूमि पूजन करेंगे। दोपहर एक बजे राजकीय वायुयान से खेरिया हवाई अड्डे से लखनऊ के लिए रवाना होंगे।
राज्य सभा में उपनेता व केंद्रीय अल्पसंख्यक मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी बुधवार दोपहर दो बजे मथुरा से आगरा आएंगे। अल्पसंख्यक आयोग अध्यक्ष अशफाक सैैफी से सत्य नगर स्थित आवास पर जाएंगे। यहां ढाई बजे लखनऊ के लिए रवाना होंगे।