मैनपुरी जिले के कटरा समान के पास बुधवार को उस वक्त चीख पुकार मच गई, जब रोडवेज बस अनियंत्रित होकर सड़क से खेत में उतर गई। गनीमत रही कि चालक ने समय रहते बस पर काबू पाकर उसे रोक दिया। अन्यथा बड़़ा हादसा हो सकता था।
जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह शिकोहाबाद डिपो की बस कुम्हौल से आगरा जा रही थी। कटरा समान के पास यह बस अनियंत्रित होकर सड़क से खेत में उतर गई। बस में 12 यात्री सवार थे। घटना के बाद बस में चीख पुकार मच गई।
चालक ने किसी तरह बस को नियंत्रण किया, इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। यात्रियों के साथ चालक और परिचालक सुरक्षित हैं। कड़ी मशक्कत के बाद बस को खेत से सड़क पर लाया गया। इसके बाद सवारियों को लेकर रवाना हो गई।
उधर, मैनपुरी के करीमगंज निवासी कार सवार सुनील पुत्र रामतीर्थ की हादसे में मौत हो गई। हादसा एटा के थाना मलावन क्षेत्र में हुआ। पूराव के पास अज्ञात वाहन ने सुनील की कार को टक्कर मारी। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी।