अमर उजाला असर- जिला अस्पताल में चिकित्सक के आने के बाद शुरू हुआ मरीजों के अल्ट्रासाउंड होने का का?
- फोटो : FIROZABAD
फिरोजाबाद। मेडिकल कॉलेज में मरीजों को सोमवार को बड़ी राहत मिली है। अब मरीजों को अल्ट्रासाउंड कराने के लिए प्राइवेट सेंटर पर नहीं जाना होगा। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद एडी ऑफिस से अल्ट्रासाउंड के लिए चिकित्सक को तैनात कर दिया है। मरीजों को अल्ट्रासाउंड भी नियमित किए जा रहे हैं। सोमवार को अल्ट्रासाउंड कराने वाले मरीजों की भीड़ रही।
पांच जनवरी से मेडिकल कॉलेज में चिकित्सक न होने के कारण अल्ट्रासाउंड नहीं हो रहे थे। मरीजों को दिक्कतें उठानी पड़ रही थी। मरीज दर्द से करा रहे थे या फिर प्राइवेट केंद्रों पर महंगी फीस देकर अल्ट्रासाउंड कराने को मजबूर थे। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में ‘जिला अस्पताल में सात दिन से अल्ट्रासाउंड बंद, भटक रहे मरीज’ शीर्षक पर खबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग चिकित्सक की व्यवस्था करने में जुट गया था। आखिर आगरा से डॉ. अनुराग शुक्ला को मेडिकल कॉलेज में अल्ट्रासाउंड के लिए तैनात कर दिया। डॉ. अनुराग शुक्ला ने चार्ज संभालकर सोमवार से अपनी सेवाएं देना शुरू कर दिया है। सोमवार को अल्ट्रासाउंड कराने वाले मरीजों की भीड़ रही। सीएमएस डॉ. आरके पांडेय ने बताया कि अल्ट्रासाउंड केंद्र पर चिकित्सक की तैनाती हो गई है। अब अल्ट्रासाउंड नियमित होंगे।