मैनपुरी में घर के पास खेत पर खेल रही दो वर्षीय बच्ची ने खेलते समय कीटनाशक पदार्थ पी लिया, जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। वहीं शहर के मोहल्ला न्यू वंशीगोहरा निवासी एक अन्य व्यक्ति की भी जहर खाने से जिला अस्पताल में मौत हो गई।
थाना कुरावली क्षेत्र के गांव खिरना कला निवासी श्यामपाल की दो वर्षीय पुत्री जाह्नवी मंगलवार की शाम अपने घर के पास खेत पर खेल रही थी। परिजन खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव कर रहे थे। बच्ची ने खेत पर रखी कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। गंभीर हालत में बच्ची को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। यहां उपचार के दौरान मंगलवार की रात बच्ची की मौत हो गई।
थाना कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला न्यू वंशीगोहरा निवासी अरुण कुमार ने मंगलवार की रात किसी बात पर नाराज होकर जहर खा लिया। परिजनों ने उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया। यहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दोनों को परिजन बिना पोस्टमार्टम के ही घर ले गए।