मथुरा में बुधवार की सुबह मथुरा-जयपुर रेलमार्ग पर राधाकुंड के पास मुखरई चैनल पर रेलवे लाइन पार करते वक्त महिला का पैर पटरियों के बीच में फंस गया। साथ में चल रही बहू सास का पैर निकालने पहुंची। इसी दौरान पैसेंजर की चपेट में आकर दोनों की मौत हो गई। बताया जाता है कि सास-बहू गेहूं काटने के लिए खेत पर जा रही थीं।
राधाकुंड के जाटव मोहल्ला निवासी भगवान देई (60) पत्नी राजेंद्र और उनकी पुत्रवधू भूरी (28) पत्नी नेम सिंह खेत पर मजदूरी करने के लिए घर से निकली थीं। सुबह को करीब साढ़े आठ बजे दोनों सास-बहू राधाकुंड-पाडल मार्ग पर बंबे के पास रेलवे लाइन को पार कर रही थीं।
इसी बीच ट्रैक पर दो पटरियों के बीच में सास का पैर फंस गया। थोड़ा आगे निकल गई बहू को भगवान देई ने आवाज लगाई। सास का पैरा फंसा देख बहू भूरी दौड़ पड़ी और पैर निकालने की कोशिश करने लगी। इसी बीच मथुरा से जयपुर जा रही पैसेंजर ट्रेन आ गई।