कासगंज। विष्णु भगवान लॉ कॉलेज एटा की तरफ से छात्रों से अंकपत्र व डिग्री के बदले दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। डीआईओएस के आदेश भी बेअसर हो चुके हैं। इससे छात्रों में रोष व्याप्त है।
छात्रों का आरोप है कि कालेज प्रशासन की सह पर अंकपत्र व डिग्री देने के बदले अवैध वसूली की जा रही है, इसकी शिकायत छात्रों ने जिला विद्यालय निरीक्षक से की। डीआईओएस पीके मौर्य ने कॉलेज के प्राचार्य को 7 जनवरी तक अंकपत्र और डिग्री उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इसके बाद भी प्राचार्य ने छात्रों को अंकपत्र व डिग्री उपलब्ध नहीं कराई है। इससे छात्रों को काफी दिक्कत हो रही है। वे अग्रिम कक्षा में प्रवेश नहीं ले पा रहे।
- लॉ कॉलेज ने अपनी शाखा मल्लाह नगर सोरों में खोल रखी है। इस शाखा से तीन साल की लॉ पूरी कर ली है। अभी तक डिग्री नहीं दी है। डिग्री मांगने पर दो हजार रुपये मांगे जा रहे हैं। रविकांत वार्ष्णेय, छात्र
- मैंने लॉ पूरा लिया है। अभी तक किसी भी वर्ष की अंकतालिका नहीं दी गई है। रुपये मांगे जाने की शिकायत डीआईओएस से की तो कॉलेज सात हजार रुपये बकाया बताने लगा। अंकतालिकाएं नहीं दी। रतन शुक्ला, छात्र