मैनपुरी। दन्नाहार क्षेत्र में ट्रक चालक से पुलिसकर्मी बनकर लूट करने वाले दो लुटेरों को पुलिस ने शनिवार को नगला सभा के पास मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान उनके दो साथी चकमा देकर भाग गए। इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त बोलेरो, दो तमंचा, कारतूस व लूटी गई नकदी बरामद हुई है। आरोपियों को जेल भेजा गया है।
शनिवार को पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता में एएसपी मधुवन कुमार ने ट्रक चालक से लूट करने वाले दो लुटेरों की गिरफ्तारी के संबंध में जानकारी दी। बताया कि इलाहबाद के गांव रुदापुर निवासी सोनू कुमार शुक्रवार को कुरावली से कंटेनर में आलू लादकर छत्तीसगढ़ के लिए रवाना हुआ था। गाड़ी पर उसके साथ खलासी मोहम्मद शाकिर भी था। रात के समय कंटेनर जब थाना दन्नाहार क्षेत्र में कीरतपुर चौकी के पास पहुंचा तभी बोलेरो जिस पर पुलिस लिखा हुआ था, में सवार चार लोगों ने कंटेनर को रोक लिया। चालक सोनू से 2200 रुपये की नकदी आदि लूटने के बाद वहां से चले गए। ट्रक चालक की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी थी।
एएसपी ने बताया कि शनिवार की सुबह सूचना मिली कि ट्रक चालक से लूट करने वाले नगला सभा पेट्रोल पंप के पास देखे गए हैं। थानाध्यक्ष विनोद कुमार ने पुलिस बल के साथ गांगसी नहर पुल के पास बोलेरो सवारों को पकड़ने का प्रयास किय तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने दो लुटेरों को दो तमंचों के साथ गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके दो साथी पुलिस को चकमा देकर भाग गए।
सीओ सिटी अमर बहादुर ने बताया कि लुटेरों के कब्जे से 1200 रुपये व अन्य सामान बरामद हुआ है। लुटेरों ने अपने नाम रोहित उर्फ गब्बर और गौतम निवासी जसवंतपुर दन्नाहार बताया। भागे हुए साथियों के नाम सुमित उर्फ पिचकारा और इंद्रपाल हैं। पुलिस भागने वाले लुटेरों की तलाश कर रही है।