पवन विहार, फाउंड्री नगर में रविवार सुबह यमुना में दो भाई डूब गए। दोनों यमुना में नहाने गए थे। छोटे भाई के डूबने पर बड़े भाई ने उसे बचाने के लिए यमुना में छलांग लगा दी। मगर, वह भी डूब गया। पुलिस ने दोनों की तलाश की। मगर, शाम तक उनका पता नहीं चल सका।
फाउंड्री नगर निवासी अंसार के बेटे महफूज (16) और साहिल (14) रविवार सुबह 10 बजे पवन विहार में यमुना में नहाने गए थे। उनके साथ शाहरुख, कबीर, साजिद, जिशान और हिना आदि भी थे। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि साहिल गहरे पानी में चला गया।
वह डूबने लगा। उसे बचाने के लिए महफूज भी कूद गया। बहाव तेज होने की वजह से दोनों भाई डूब गए। सूचना पर सीओ छत्ता उदयराज सिंह सहित थाना एत्माद्दौला की फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने गोताखोरों की मदद से दोनों की तलाश कराई, लेकिन पता नहीं चल सका। घटना की जानकारी पर परिजन आ गए। उनमें कोहराम मच गया।