मैनपुरी के भोगांव क्षेत्र में छाछा तिराहा के समीप शुक्रवार की दोपहर तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से ताऊ और भतीजे की मौत हो गई। सौरिख निवासी व्यक्ति अपने भतीजे के साथ भोगांव क्षेत्र में पुत्र की शादी के कार्ड बांटने आया था।
कन्नौज के थाना सौरिख क्षेत्र के अंबेडकर नगर नगरिया महादेव निवासी 50 वर्षीय राकेश कुमार बाथम के बेटे सोनू की 11 मई को शादी है। उन्होंने अपने पुत्र सोनू की शादी उमरैन औरैया निवासी हरनाम सिंह की पुत्री शिवानी के साथ तय की थी।
शुक्रवार को वो भतीजे सुमित को साथ लेकर बाइक से थाना भोगांव क्षेत्र स्थित ननिहाल नूरमपुर कार्ड बांटने के लिए आए थे। वहां से कार्ड बांटने के बाद शहर स्थित रिश्तेदारी में कार्ड बांटने के लिए जा रहे थे। छाछा तिराहा के पास ट्रक ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया।