आगरा की थाना हरीपर्वत पुलिस ने गुरुवार की रात दो लोगों को 32.70 लाख रुपये के पुराने नोटों के साथ गिरफ्तार किया। आरोपियों को सात महीने पहले एक बिल्डर ने पुराने नोट देकर डेढ़ लाख रुपये लिए थे। अब आरोपी नोट बदलवाने के लिए लोगों से संपर्क कर रहे थे। पुलिस ने सूचना पर दोनों को पकड़ लिया। दोनों के पास 1000 के अवैध नोटों की गड्डियां देखकर पुलिस दंग रह गई।
पकड़े गए आरोपी उखर्रा निवासी भाव सिंह और अलबतिया निवासी नीरज तोमर हैं। एएसपी सौरभ दीक्षित ने बताया कि भाव सिंह पशुपालक है। मूलरूप से फतेहाबाद का रहने वाला है। उसके पिता प्रधान हैं। नीरज एक जूता फैक्टरी में काम करता था। पिछले दिनों लॉकडाउन में नौकरी चली गई। दोनों में काफी समय से परिचय है।
भाव सिंह ने बताया कि बिल्डर राकेश शिवहरे से उसकी दोस्ती थी। दिसंबर 2019 में राकेश ने मुलाकात की। कहा कि नोटबंदी के समय 32.70 लाख रुपये खाते में जमा नहीं कर सका। उसे डर था कि आयकर वाले पूछताछ करेंगे। तब से नोट रखे हुए हैं। बैंक वालों से सेटिंग नहीं हो सकी। भाव सिंह से नोट बदलवाने के लिए कहा। लालच दिया कि नोट बदलेंगे तो उसे भी अच्छा खासा कमीशन देगा।