कासगंज। जीआरपी एवं आरपीएफ के द्वारा प्लेटफार्म पर गश्त के दौरान दो मोबाइल चोरों को गिरफ्तार किये जाने में सफलता मिली। दोनों ही आरोपियों के पास से 17 मोबाइल बरामद किए गए। आरोपियों ने बताया कि वह ट्रेनों से रात्रि में दौरान यात्रियों के सो जाने के बाद उनके मोबाइल चोरी कर ले लेते थे।
जीआरपी प्रभारी धर्मेंद्र कुमार एवं आरपीएफ प्रभारी राम प्रताप के टीम के साथ संयुक्त रूप से बुधवार की सुबह 4:30 बजे गश्त कर रहे थे। जंक्शन के प्लेटफार्म 4/5 पर बैठे दो युवकों की हरकतें संदिग्ध नजर आईं। उनसे जब पूछताछ की तो वह टिकट नहीं दिखा सके। उनके पास मौजूद बैग को देखा गया तो उसमें 17 मोबाइल मिले। जिनमें 3 की पैड एवं 14 एंड्रायड मोबाइल शामिल थे। जानकारी की गई तो बताया कि मोबाइल चोरी के हैं। पूछताछ में एक ने अपना नाम रोहित बघेल निवासी अलेहदीनपुर सहावर बताया, जब दूसरे ने अपना नाम दीपक निवासी ग्राम नौरथा बताया। वह अपनी ननिहाल अलेहदीनपुर रहने आया था तभी रोहित के संपर्क में आया था और मिलकर मोबाइलों की चोरी करने लगे।
दो मोबाइलों के चोरी की रिपोर्ट दर्ज है जीआरपी में
चोरी में मिले दो मोबाइलों की रिपोर्ट जीआरपी में पहले से दर्ज हैं। जिनमें एक मोबाइल चोरी होने की रिपोर्ट ललित कुमार निवासी मोतीपुरा जनपद झालाबाद राजस्थान के द्वारा दर्ज कराई गई हैं, जबकि दूसरी रिपोर्ट रीना गुप्ता निवासी रुद्रपुर जनपद देवरिया ने दर्ज कराई हैं। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि इन मोबाइलों को भी आरोपियों से बरामद किया गया है।