आगरा के थाना इरादतनगर क्षेत्र में अचानक दो मासूम भाइयों के लापता होने की खबर से सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही थाना पुलिस गांव में पहुंच गई। दोनों बच्चों की तलाश शुरू कर दी गई। हैरानी की बात तो ये रही कि पुलिस और परिवार के लोगों ने दोनों बच्चों के न जाने कहां-कहां तलाश किया, लेकिन बच्चे मिले भी तो एक खराब कूलर में। दोनों बच्चे आराम से सो रहे थे। बच्चों को परिवारीजनों ने सकुशल देखा तो चैन की सांस लीं।
खेलते-खेलते हो गए थे लापता
मामला सोमवार देर शाम करीब छः बजे के इरादत नगर का है। अजमेरी के दो मासूम नाबालिक बच्चे एक की उम्र सात साल और दूसरे के उम्र नौ साल, खारी नदी के पास से खेलते-खेलते गुम हो गए। अचानक से बच्चों के गुम हो जाने से परिजनों में खलबली मच गई। बच्चों के कहीं दिखाई नहीं देने पर परिजनों ने उन्हें तलाशना शुरू कर दिया। काफी देर तक तलाश करने पर जब बच्चे नहीं मिले तो पुलिस को सूचना दी गई।