आगरा के बाह बटेश्वर में शुक्रवार की रात मछली पकड़ने के लालच में पहुंचे फिरोजाबाद के दो दोस्तों को अपनी जान बचाने के लाले पड़ गए। पुलिस को देखकर भागते समय दोनों 20 फुट गहरी खाई में गिर गए थे। रातभर चोट के दर्द से कराहते रहे। शनिवार की सुबह सूचना पर पहुंची पुलिस ने इलाज को बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां से परिजन फिरोजाबाद के जिला अस्पताल ले गए।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार की रात फिरोजाबाद के बसई मोहम्मदपुर थाने के चंद्रवार गांव निवासी कृष्णा और नगर चूरा गांव निवासी मोनू बाइक से बटेश्वर पहुंचे। यहां यमुना नदी में मछली पकड़ रहे थे। इसी दौरान बटेश्वर चौकी की पुलिस वहां गश्त करते हुए पहुंच गई। पुलिस से बचने के लिए दोनों बाइक छोड़कर शौरीपुर की ओर भागे। शक हुआ कि पुलिस पीछा कर रही है। इसी डर के चलते रात के अंधेरे में 20 फुट गहरी खाई में गिर गए। जिससे लगी चोट के चलते रात भर खाई में दर्द से कराहते पड़े रहे।
वहीं सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने देखा तो पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची बटेश्वर चौकी की पुलिस ने दोनों को इलाज के लिए बाह सीएचसी पर भर्ती कराया। जहां उन्होंने बताया कि पुलिस से बचने के चक्कर में 20 फुट गहरी खाई में गिर गए थे। जानकारी पर पहुंचे परिजन उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल फिरोजाबाद ले गए। इंस्पेक्टर बाह संजीव शर्मा ने बताया कि दोनों युवक रात में खाई में गिर कर घायल हो गए थे। जिन्हें अस्पताल में भर्ती करवा दिया गया है।
मां बोली मछली पकड़ने के लिए निकले थे
बाह सीएचसी पर पहुंची मोनू की मां राजाबेटी ने पुलिस को बताया कि खाने के लिए मछली पकड़ने को दोनों बटेश्वर आए थे। पुलिस के डर से भागते समय हादसा हो गया। इतनी गहरी खाई में गिरने के बाद भी जान बच जाने से परिजन इसे ने भगवान की दया बताते रहे। एसओ ने बताया कि छानबीन के बाद बाइक परिजनों के हवाले कर दी गई है।