उत्तर प्रदेश के एटा जिले में दिवाली वाले दिन दो परिवारों के घर के चिराग बुझ गए। दोनों ही दोस्त बाइक से घर आ रहे थे। रास्ते में हुए सड़क हादसे में दोनों की जान चली गई।
एटा के सकीट थाना क्षेत्र में नोएडा से आ रहे बाइक सवार दोस्तों को लोडर वाहन ने रौंद दिया। हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त के बाद परिवार के लोगों को सूचना दी है। बताया गया है कि दिवाली पर दोनों दोस्त अपने गांव जाने के लिए बाइक से निकले थे, रास्ते में ये हादसा हो गया।
विज्ञापन
मैनपुरी के थाना औंछा के गांव बारथर निवाली प्रशांत और प्रवेश दोनों दोस्त थे। प्रशांत नोएडा में डिलीवरी बॉय था वहीं प्रवेश मुज़फ़्फ़रनगर में एक हॉस्टल में काम करता था। दोनों युवक बाइक से गांव जाने के लिए निकले थे। सकीट थाना क्षेत्र में घुटलई गांव के पास लोडर वाहन ने बाइक को रौंद दिया। हादसे में दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची, जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मृतकों की शिनाख्त के बाद परिवार के लोगों को सूचना दे दी। युवकों की मौत की खबर मिलते ही दिवाली की खुशियां मातम में बदल गईं। परिवार के लोग एटा के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस ने दोनों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।