कासगंज। महिला एवं बाल विकास मंत्रालय, भारत सरकार, नई दिल्ली के तत्वाधान में पीएम केयर फॉर चिल्ड्रेन स्कीम के संबंध में प्रधानमंत्री द्वारा वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी सभागार में एलईडी के माध्यम से उद्बोधन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के पश्चात पीएम केयर फॉर चिल्ड्रेन स्कीम के अंतर्गत जनपद कासगंज के चयनित ऐसे दो बच्चों को लाभान्वित किया गया, जिनके पिता की मृत्यु सड़क दुर्घटना तथा माता की मृत्यु कोविड-19 के कारण हो गई थी।
प्रधानमंत्री नरेंद मोदी ने कहा कि बीते दो वर्षों में कोरोना की विभीषिका में दुनिया भर में लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है। उन्होंने सभी बच्चों को उनके कुशल-मंगल और उज्ज्वल भविष्य की अनंत शुभकामनाएं दीं। पीएम केयर फॉर चिल्ड्रेन स्कीम के अंतर्गत जनपद कासगंज के उक्त दोनों पात्र बच्चों को दस-दस लाख रुपये उनके पोस्ट आफिस खाते में जमा कराए गए तथा वर्ष में 5 लाख रुपये तक के नि:शुल्क इलाज के लिए जनआरोग्य योजना कार्ड दिए गए।
पढ़ाई के लिए विशेष स्कॉलरशिप फॉर पीएम केयर्स फॉर चिल्ड्रेन के तहत 20-20 हजार की धनराशि खाते में प्रेषित की गई, इसके साथ ही दोनों बच्चों को प्रधानमंत्री द्वारा जारी स्नेह पत्र भी प्रदान किया गया। मुख्य विकास अधिकारी तेज प्रताप मिश्र ने उक्त के अतिरिक्त इन बच्चों को स्कूल बैग, नोट बुक, पेन, लंच बॉक्स, पानी की बोतल, फल तथा चॉकलेट आदि भी प्रदान किए। जिला प्रोबेशन अधिकारी ओमप्रकाश ने बताया कि बताया कि जब बच्चे 23 साल के हो जाएंगे तब उनको यह धनराशि मिल सकेगी।