18एमएनपी-07-एलाऊ थाना क्षेत्र में पुलिस द्वारा पकड़े गए आरोपी
- फोटो : MAINPURI
अजीतगंज। थाना एलाऊ पुलिस ने मैनपुरी कुसमरा मार्ग पर शुक्रवार की देर रात मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से दो तमंचा और कारतूस मिले हैं। पुलिस ने मुकदमा दर्ज करने के बाद शनिवार को आरोपियों को न्यायालय में पेश किया। वहां से उन्हें जेल भेजा गया है।
थाना एलाऊ क्षेत्र में शुक्रवार की रात पुलिस की एक टीम मैनपुरी-कुसमरा मार्ग के पास गश्त कर रही थी। तभी थानाध्यक्ष सुनील भारद्वाज को सूचना मिली कि उक्त मार्ग पर दो बदमाश मौजूद हैं। सूचना पर थानाध्यक्ष ने पुलिस बल के साथ तलाश शुरू कर दी। इस बीच मार्ग से दो संदिग्ध युवक आते हुए दिखाई दिए, पुलिस को सामने देख वह लोग भागने लगे, पुलिसकर्मियों ने जब पीछा किया तो बदमाशों ने तमंचा से फायर कर दिए। अचानक हुए हमले से संभलते हुए फोर्स ने घेराबंदी कर दोनों बदमाशों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान कब्जे से दो तमंचा और कारतूस मिले। पूछताछ करने पर बदमाशों ने अपने नाम मुन्ना खां निवासी निहालपुर थाना एलाऊ और पप्पू निवासी आंबेडकर नगर थाना सौंरिख कन्नौज बताया। थानाध्यक्ष ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ कन्नौज पुलिस द्वारा भी कार्रवाई की गईं हैं।