आगरा के छत्ता बाजार निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग और सैयां निवासी 35 वर्षीय संक्रमित महिला की बुधवार को मौत हो जाने से मृतक संख्या 88 हो गई। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया दोनों सांस रोग से पीड़ित थे। 10 और मरीज कोरोना संक्रमण से ठीक हुए हैं। बुधवार को 14 नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अब कुल संक्रमितों का आंकड़ा 1241 पहुंच गया है। 122 मरीजों का उपचार चल रहा है।
शमसाबाद की महिला निकली संक्रमित
शमसाबाद कस्बे में एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से बुधवार को मोहल्ला सैनिटाइज कराया गया। महिला के संक्रमित होने की जानकारी पर एसडीएम फतेहाबाद एम अरुन्मौली स्वास्थ्य विभाग की टीम के साथ पहुंची।
इस महिला का प्रसव आगरा के निजी हॉस्पिटल में हुई थी। जांच होने पर वह पॉजिटिव आई। इस मोहल्ले में इससे पहले भी दो केस मिल चुके हैं, जिससे लोग परेशान हैं।
फतेहपुर सीकरी, मोती कटरा, दयालबाग, एतमादपुर, ईदगाह में फिर मिले संक्रमित
हरीपर्वत क्षेत्र के चार स्कूल कर्मचारियों समेत 14 नए मरीज मिले हैं। दयालबाग, फतेहपुर सीकरी, मोती कटरा, एत्मादपुर में दोबारा से मरीज मिले हैं। इनकी उम्र 22, 21, 34 और 25 साल है।
बरौली अहीर में 34 साल का युवक, मोती कटरा में 52 साल के पुरुष, ईदगाह में 66 साल के बुजुर्ग भी संक्रमित हैं। दयालबाग में 55 और 58 साल के पुरुष की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। शहीद नगर में 43 साल के पुरुष, नाई की मंडी की 28 साल की युवती, प्रतापपुरा के 75 साल के बुजुर्ग, एत्मादपुर की 60 साल की महिला और फतेहपुर सीकरी में 65 साल की महिला में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है।
संचारी रोग अभियान शुरू, घर-घर होंगे सर्वे
स्वास्थ्य विभाग का संचारी रोग अभियान बुधवार से शुरू हो गया। इसमें नगर निगम समेत 10 से अधिक विभागों के कार्य तय हैं। साफ-सफाई, छिड़काव के अलावा घर-घर में कोरोना वायरस के मरीजों को चिह्नित करने के लिए स्क्रीनिंग होगी। सीएमओ ऑफिस से प्रचार रथ को मुख्य अतिथि विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने हरी झंडी दिखाकर विदा किया। सीएमओ डॉ. आरसी पांडे ने बताया कि एक से 31 जुलाई तक अभियान चलेगा, पांच से 15 जुलाई तक घर-घर जाकर टीम कोरोना वायरस के लक्षणों का आकलन करेगी।