जिला अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़।
- फोटो : जिला अस्पताल के पंजीकरण काउंटर पर लगी मरीजों की भीड़।
मैनपुरी। तेज धूप और उमस से बुखार के मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल पहुंचे बुखार से पीड़ित दो बच्चों की मौत हो गई। पांच मरीजों को हालत बिगड़ने पर मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की इमरजेंसी में सोमवार को मरीजों की भारी भीड़ रही। यहां 64 मरीजों को भर्ती कराया गया। औंछा थाना क्षेत्र के गांव विलासपुर निवासी पल्लवी (8 माह) पुत्री झब्बू सिंह को कुछ दिनों से बुखार के साथ उल्टी दस्त हो रहे थे। परिजन निजी डॉक्टर के यहां उपचार करा रहे थे। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर रविवार देर शाम जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
औंछा के ही गांव किचौरा निवासी विवेक (10) पुत्र गीतम सिंह को कुछ दिनों से बुखार आ रहा था। कस्बा ज्योंती में निजी डाॅक्टर से उपचार चल रहा था। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे लेकर रविवार देर शाम जिला अस्पताल पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. मदनलाल का कहना था कि दोनों ही बच्चों को मृत अवस्था में ही अस्पताल लाया गया था।
ओपीडी का टूटा चार साल का रिकार्ड, एक दिन में पहुंचे 1438 मरीज
महाराजा तेज सिंह जिला अस्पताल की ओपीडी में पिछले चार साल का मरीज पहुंचने का रिकॉर्ड टूट गया। यहां तीन दिन के अवकाश के बाद अस्पताल खुला तो मरीजों की भारी भीड़ पहुंच गई। दोपहर डेढ़ बजे तक 1438 मरीज पहुंचे। सीएमएस डॉ. मदनलाल ने बताया कि रिकार्ड मरीज पहुंचने के कारण अस्पताल में डॉक्टरों के पास भीड़ रही। अधिकतर मरीज पेट दर्द, रक्तचाप और बुखार से पीड़ित थे।