टैंटीगांव (मथुरा)। भीषण गर्मी से हालात बिगड़ने लगे हैं। मंगलवार को स्कूल में चल रही प्रार्थना के दौरान चक्कर आने से बच्चे गिर पड़े। कई स्कूलों में बच्चों की तबियत बिगड़ने की सूचना है। लगातार बढ़ते पारे ने हर किसी को बेचैन कर दिया है।
गर्मी के चलते मंगलवार को राष्ट्रीय इंटर कालेज सुरीर में सुबह ही प्रार्थना के दौरान सुरीर निवासी कक्षा आठ की छात्रा काकुल व कक्षा नौ का छात्र शिवा चक्कर खाकर गिर पड़े। इससे विद्यालय में हड़कंप मच गया। दोनों को वहां से उठाकर हवा में ले जाया गया। पानी पिलाया, इसके बाद दोनों को होश आया। प्रधानाचार्य शिवाजी सिंह का कहना है कि भीषण गर्मी के चलते छात्र चक्कर खाकर के गिर गए थे। उन्हें घर भेज दिया गया।
टैंटीगांव के साथ ही मथुरा में भी कई स्कूलों में बच्चों की तबियत बिगड़ने की सूचना है। कुछ बच्चे सुबह की प्रार्थना में गश खाकर गिर पड़े थे। इससे हड़कंप मच गया। बच्चों को घर भेज दिया गया। उधर, लोगों का कहना है कि गर्मी में तापमान बढ़ रहा है। बरसात की अभी कोई उम्मीद नहीं दिख रही है
प्राथमिक शिक्षक संघ ने की समय परिवर्तन की मांग
उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रतिनिधि मंडल ने जिलाध्यक्ष राजेश शर्मा के नेतृत्व में जनपद में जारी भीषण गर्मी के कारण जिलाधिकारी महोदय से समय परिवर्तन की मांग की है। ज्ञापन में कहा गया है की जुलाई का महीना होने के बावजूद बारिश नहीं होने से भीषण गर्मी और उमस के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ने लगा है। प्रतिनिधि मंडल में जिलामंत्री मनोज रावत जिला कोषाध्यक्ष अशोक सोलंकी शान्तनु चौधरी, अवधेश शर्मा, प्रमोद शर्मा आदि उपस्थित थे।