फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र में एक परिवार के दो मासूम बच्चों की मौत हो गई। दोनों भाई-बहन थे। परिजनों का आरोप है कि नगर निगम के नल से आए दूषित पानी पीने से बच्चों की मौत हुई है। इस पर जिलाधिकारी ने जांच के आदेश दिए हैं।
थाना क्षेत्र के आनंद नगर में सोमवार रात को प्रेमचंद सविता के चार वर्षीय पुत्र विक्की और पांच वर्षीय पुत्री लक्ष्मी की मौत हो गई। मासूम बेटा-बेटी की मौत से परिवार सदमें में है। सप्लाई का पानी पीने से दोनों बच्चों की तबीयत बिगड़ गई थी।
मृतक बच्चों के पिता ने बताया कि मोहल्ले में नगर निगम द्वारा दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। इसी पानी को पीने से उसके बच्चों की मौत हुई है। वहीं मोहल्ले में 30 से अधिक बच्चे उल्टी-दस्त से पीड़ित हैं। इनमें कुछ बच्चों की हालत गंभीर बताई है।
मौके पर पहुंचे जिलाधिकारी
मृतक के पिता से जानकारी लेते अफसर
- फोटो : अमर उजाला
उधर, दूषित पानी पीने से बच्चों की मौत की खबर से प्रशासन में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह, महापौर नूतन राठौर सहित नगर निगम के अफसर मौके पर पहुंच गए। जिलाधिकारी ने लोगों से जानकारी ली।
इस संबंध में जिलाधिकारी ने कहा कि स्थानीय लोगों ने शिकायत की थी कि दूषित पानी की सप्लाई हो रही है। पानी की जांच के आदेश दिए गए हैं। वहीं क्षेत्र में गंदगी फैली है। इसके लिए जो जिम्मेदार है, उस पर कार्रवाई की जाएगी।
सुपर वाइजर के पास एक्सपाइरी डेट की दवा
हद तो तब हो गई जब बच्चों की मौत पर मोहल्ले में चीख-पुकार मची थी, उसी वक्त स्वास्थ्य विभाग का सुपरवाइजर उल्टी दस्त की दवाई बांटने पहुंचा, लेकिन उसके पास एक दवा एक्सपायरी डेट की मिली। इसका पता चलने पर लोगों ने हंगामा कर दिया।