बरसात के मौसम में बीमारियां पैर पसारने लगी हैं। फिरोजाबाद के फुलवाड़ी क्षेत्र में डायरिया से अब तक दो बच्चों की मौत हो गई। कई लोग बीमार हैं। गुरुवार को सदर विधायक मनीष असीजा और सीएमओ ने हालात का जायजा लिया।
उन्होंने सीएमओ और नगर मजिस्ट्रेट को भी बुलाया। क्षेत्र में खाली प्लाटों में जलभराव की स्थिति है। गंदगी और नालियों की सफाई न होने की शिकायत भी लोगों ने की। शुद्ध जलापूर्ति भी मोहल्ले में नहीं हो रही है। पानी में क्लोरीन नहीं है।
क्षेत्र में फैली गंदगी एवं दूषित जलापूर्ति के कारण संत नगर के मोहल्ला फुलवाड़ी में डायरिया फैल गया है। गुरुवार को तड़के तीन बजे ललितेश (8) पुत्र मनोज कुमार की डायरिया से मौत हो गई।
स्थानीय लोगों में आक्रोश
परिजनों ने बताया कि ललितेश को अचानक दस्त हो गए थे। कुछ देर बाद उसे ट्रामा सेंटर ले गए तो चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मच गया।
करीब 10 दिन पूर्व इसी क्षेत्र में तीन साल के आलोक पुत्र अनूप कुमार की डायरिया से मौत हो गई थी। दो बच्चों की मौत के बाद लोग दहशत में आ गए है। स्वास्थ्य विभाग द्वारा कदम न उठाए जाने पर आक्रोश है।
भाजपा विधायक मनीष असीजा क्षेत्र में पहुंचे और मृतक के परिवारिजनों को सांत्वना दी। उन्होंने सीएमओ डॉ. एसके दीक्षित को मामले से अवगत कराया। इस पर सीएमओ टीम के साथ क्षेत्र का निरीक्षण करने पहुंचे।
कैंप लगाकर वितरित की दवा
सिटी मजिस्ट्रेट प्रियंका सिंह ने भी क्षेत्र का निरीक्षण किया। दोनों ही अधिकारियों को क्षेत्र के लोगों के आक्रोश का शिकार होना पड़ा। क्षेत्र के नगरीय स्वास्थ्य केंद्र के चिकित्सक को भी बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं के लिए खरीखोटी सुनाईं।
फुलवाड़ी में अभी भी कई लोग डायरिया एवं बुखार से पीड़ित हैं। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर लोगों को दवा का वितरण किया है। साथ ही कुछ सावधानियां बरतने की सलाह दी है।
सीएमओ डॉ.एसके दीक्षित ने बताया कि क्षेत्र में डायरिया फैला है, हमने वहां कैंप लगाया है। टीम आगे भी जाएंगी। हमने पानी की जांच कराई तो क्लोरिन नहीं पाई गई। नगर निगम को लिखेंगे कि वो क्लोरीन डलवाएं।