फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा: अब शमसाबाद में शराब पीने के बाद दो भाइयों की मौत, मरने वालों की संख्या हुई 10

Wed, 25 Aug 2021 10:06 PM IST
प्राची प्रियम अमर उजाला ब्यूरो, आगरा/शमसाबाद

सार

कौलारां कलां में तीन, बरकुला में एक और नगला देवरी में चार की मौत के बाद कसबा शमसाबाद के गढ़ी जहान में भी दो भाइयों की शराब पीने के बाद मौत की जानकारी मिली है।
 
विज्ञापन
प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के डौकी के गांव कौलारां कलां में सोमवार और मंगलवार को तीन, बरकुला में एक और नगला देवरी में चार की मौत के बाद कसबा शमसाबाद के गढ़ी जहान में भी दो भाइयों की शराब पीने के बाद मौत की जानकारी बुधवार को पुलिस को मिली। बड़े भाई रूपी सिंह (36) के शव का परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था। छोटे भाई राजू (32) के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। उधर, कमिश्नर अमित गुप्ता और एडीजी जोन राजीव कृष्ण सहित अन्य अधिकारी गांव कौलारा कलां पहुंचे और ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली। 
विज्ञापन


शमसाबाद के गांव गढ़ी जहान सिंह निवासी रूप सिंह राज मिस्त्री थे। परिजनों ने बताया कि रूप सिंह की सोमवार को तबीयत खराब हुई थी। उन्हें कसबा के एक निजी अस्पताल में ले गए, लेकिन भर्ती नहीं किया गया इसलिए उन्हें आगरा ले जा रहे थे। रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई। मंगलवार सुबह शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। 

मंगलवार शाम को रूप सिंह के छोटे भाई राजू (32) की तबीयत खराब हो गई, जिसके बाद रात में परिजनों ने निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से उन्हें आगरा रेफर कर दिया गया। बुधवार सुबह जीआर अस्पताल में राजू की मौत हो गई। उसके भाई पप्पू ने यूपी 112 पर कॉल करके पुलिस को दोनों भाइयों की जहरीली शराब से मौत की आशंका जताते हुए जानकारी दी। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राजू के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।  
विज्ञापन


एसपी आरए पूर्वी के. वेंकट अशोक ने बताया कि गढ़ी जहान में दो भाई रूप सिंह और राजू की मौत हुई है। परिजनों ने जहरीली शराब पीने से मौत की आशंका जाहिर की है। रूप सिंह का अंतिम संस्कार कर दिया गया था। राजू के शव की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हृदय घात से मौत होना आया है। हालांकि विसरा विधि विज्ञान प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजा जाएगा।

10 मौतें, छह शवों के हुए पोस्टमार्टम
गांव कौलारा कलां में रामवीर, अनिल, राधेश्याम और गांव बरकुला में गयाप्रसाद की मौत हुई थी। अनिल, रामवीर और ग्याप्रसाद के शवों के पोस्टमार्टम कराए गए। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह साफ नहीं हो सकी। विसरा सुरक्षित रखा गया। 

ताजगंज के गांव नगला देवरी में ताराचंद, राम सहाय, चंद्रभान और सुनील की मौत हुई थी। पुलिस ने सोमवार को ताराचंद के शव का पोस्टमार्टम कराया था। मौत की वजह फेफड़ों की बीमारी आई। वहीं रामसहाय और चंद्रभान के शवों का अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के हुआ। 

मंगलवार को सुनील के शव का पोस्टमार्टम हुआ। उसका भी विसरा सुरक्षित रखा गया है। शमसाबाद के गांव गढ़ी जहान सिंह में राजू और उसके भाई रूप सिंह की मौत हुई। राजू के शव का पोस्टमार्टम कराया गया। रूप सिंह के शव का अंतिम संस्कार बिना पोस्टमार्टम के कर दिया गया।
 
विज्ञापन

ग्रामीणों से अलग-अलग पूछताछ 
डौकी के गांव कौलारा कला में सुबह 11 बजे जिलाधिकारी पीएन सिंह और एसएसपी मुनिराज जी. पहुंचे। इनके बाद कमिश्नर अमित गुप्ता और आईजी नवीन अरोरा पहुंच गए। इनके बाद एडीजी राजीव कृष्ण पहुंचे। अधिकारियों ने पंचायत भवन में बैठक की। इसके बाद ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों को बुलाकर बात की और थाना पुलिस को दिशानिर्देश दिए। 

एडीजी जोन राजीव कृष्ण ने बताया कि मृतकों के विसरा जांच के लिए विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेजे गए हैं। रिपोर्ट का इंतजार है। अपमिश्रित और जहरीली शराब के बिंदु पर भी जांच की जा रही है। ग्रामीण और मृतकों के परिजनों से बातचीत की गई। उन्होंने अवैध तरीके से शराब बेचे जाने के आरोप लगाए हैं। इसकी जांच की जा रही है। 5-6 संदिग्ध हिरासत में लिए गए हैं। उनसे पूछताछ की जा रही है। 
,
पुलिस ने सूचना दर्ज की
एसपी आरए पूर्वी के.वेंकट अशोक ने बताया कि डौकी के कौलारा कलां और बरकुला मेंं मौत के मामले में थाने में इत्ताफाकिया में सूचना दर्ज की गई है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण नहीं आया है। विसरा जांच की जा रही है। इसकी रिपोर्ट आने पर ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें