कासगंज। गांव इखौना की दो बार प्रधान रहीं अनीता देवी ने अपने दो पुत्रों की दुल्हन विदा कराने के लिए अपने गांव में हेलीकॉप्टर से उतारने की अनुमति जिलाधिकारी से मांगी है। यदि सब ठीक रहा तो 14 दिसंबर को दो दुल्हन अपनी ससुराल के लिए हेलीकॉप्टर से विदा होंगी। इस शादी में सपा सहित अन्य पार्टियों के भी वरिष्ठ नेता शिरकत कर सकते हैं।
ढोलना थाना क्षेत्र के गांव इखौना की पूर्व प्रधान अनीता देवी के कारोबारी पति दक्ष यादव ने बताया कि दो पुत्रों मनीष यादव और मनमोहन यादव की 13 दिसंबर को शहर के एसएस ग्रीन नदरई गेट मैरिज गार्डन में शादी होगी। यह शादी आगरा निवासी कर्नल चंद्रजीत सिंह की दो पुत्रियाें से होनी है। उनका लुधियाना में व्यवसाय है। बताया कि फिलहाल वह शहर की दुर्गा कॉलोनी में अपने परिवार के साथ रहते हैं। 13 दिसंबर को शादी के बाद दोनों दुल्हन 14 दिसंबर को एसएस गार्डन से गांव इखौना के लिए हेलीकॉप्टर से विदा होंगी। गांव में हेलीकॉप्टर लाने के लिए ही जिलाधिकारी से अनुमति प्राप्त करने के लिए प्रार्थना पत्र लिखा है। बताया कि उनके परिवार की इच्छा है कि दुल्हनों को गांव में हेलीकॉप्टर से विदा कराकर लाया जाए। इसके लिए उनकी गुड़गांव की कंपनी से हेलीकॉप्टर की बात हुई है। डीएम ने प्रार्थना पत्र मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग, फायर ब्रिगेड, विद्युत व पुलिस विभाग को अपनी अपनी रिपोर्ट देने के लिए निर्देश दिए हैं। हेलीकॉप्टर के लिए एसएस ग्रीन गार्डन के साथ गांव गढ़ी में हेलीपैड बनाया जा सकता है। इसके लिए पीडब्लूडी द्वारा सर्वे किया जाएगा। कारोबारी दक्ष यादव ने बताया कि इस शादी में समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव सहित अन्य पार्टियों के भी वरिष्ठ नेता शामिल हो सकते हैं।