मैनपुरी। स्थानांतरण के बाद भी जिले में कार्य कर रहे दो खंड शिक्षाधिकारियों को बीएसए कमल सिंह ने शनिवार को कार्यमुक्त कर दिया। जिले में अब तक चार खंड शिक्षाधिकारी स्थानांतरित होकर बाहर जा चुके हैं।
चुनाव पूर्व जिले में तैनात खंड शिक्षाधिकारियों के स्थानांतरण बेसिक शिक्षा विभाग ने किए थे। स्थानांतरण पर रोक लगाने के लिए खंड शिक्षाधिकारी कोर्ट गए लेकिन उन्हें कोई राहत नहीं मिली। शासन ने बीएसए को पत्र भेजकर स्थानांतरित खंड शिक्षा अधिकारियों को कार्यमुक्त किए जाने के निर्देश दिए। शनिवार को सुमित कुमार वर्मा और मुनींद्र सिंह यादव को बीएसए ने कार्यमुक्त कर दिया। सुमित को एटा जबकि मुनींद्र को उन्नाव भेजा गया है। इससे पहले रामशंकर कुरील व सर्वेश कुमार को स्थानांतरित किया जा चुका है। एटा से स्थानांतरित होकर आईं नीरजा चतुर्वेदी ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है।