शिकोहाबाद- एसटीएफ द्वारा पकड़े गये गांजा तस्कर शिकोहाबाद कोतवाली में पुलिस हिरासत में।
- फोटो : FIROZABAD
शिकोहाबाद। एसटीएफ कानपुर और थाना पुलिस ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए नौशेहरा पुल से चार क्विंटल गांजा बरामद कर लिया। गांजा कैंटर में छिपाकर ओडिसा से अलीगढ़ ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कैंटर चालक और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर कैंटर को जब्त कर लिया है।
प्रभारी निरीक्षक उदयवीर सिंह ने बताया कानपुर एसटीएफ के प्रभारी लान सिंह को सूचना मिली थी कि ओडिसा से कैंटर में बड़ी मात्रा में गांजा अलीगढ़ ले जाया जा रहा है। जानकारी पर एसटीएफ कानपुर प्रभारी ने एसआई राजेश कुमार, आरक्षी कमांडो सर्वेश भदौरिया और सरकारी इनोवा चालक धीरेंद्र सिंह के साथ नौशहरा के समीप चेकिंग शुरू कर दी। इस दौरान एक कैंटर को रोका गया। चेकिंग में कैंटर से साढ़े चार क्विंटल गांजा बरामद किया गया। तस्कर गांजे को कैंटर के आगे के हिस्से में छिपाकर ला रहे थे।
पुलिस ने चालक और एक अन्य को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम पंकज शर्मा निवासी तिलौठी सासनी हाथरस और रिंकू शर्मा निवासी पवन विहार फाउंड्रीनगर एत्माउद्दौला आगरा बताया। आरोपियों ने बताया कि वे गांजा ओडिसा से अलीगढ़ ले जा रहे थे। मामले में शिकोहाबाद थाने में एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है। एसटीएफ दोनों युवकों को अपने साथ कानपुर ले गई। इस संबंध में एसपी ग्रामीण डॉ. अखिलेश कुमार ने बताया कि एसटीएफ कानपुर ने बड़ी मात्रा में गांजा सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। एसटीएफ पूरे मामले की जांच कर रही है।