आगरा। डॉ. उमाकांत गुप्ता के अपहरण में शामिल बदमाश बदन सिंह के मुठभेड़ में मारे जाने के बाद उसके दो साथी रामकेश और भोला रविवार को धैलपुर में गिरफ्तार हो गए। उन्हें पुलिस ने तमंचे के साथ पकड़ा। उन पर आगरा में 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। आगरा पुलिस को इस संबंध में जानकारी मिल गई है।
ट्रांस यमुना कॉलोनी निवासी डॉ. उमाकांत गुप्ता का 13 जुलाई को पांच करोड़ की फिरौती के लिए अपहरण किया गया था। पुलिस ने 31 घंटे बाद धौलपुर के बीहड़ से डॉक्टर को मुक्त करा लिया था। दो आरोपी पवन और मंगला उर्फ संध्या पकड़े थे। उनको जेल भेजा गया था। अपहरण दस्यु केशव गुर्जर के साथी बदन सिंह ने किया था। पुलिस उसकी तलाश में लगी थी। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया।
पिछले दिनों जगनेर में पुलिस ने बदमाश बदन सिंह और उसके साथी अक्षय उर्फ चंकी को घेर लिया था। दोनों को मुठभेड़ में मार गिराया था। मुठभेड़ में बदन सिंह के मारे जाने के बाद गैंग में खलबली मची हुई थी। उसके साथी भोला ठाकुर ने थाना एत्माद्दौला में समर्पण किया था। पुलिस अन्य बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही थी।
शनिवार को धौलपुर पुलिस ने देहोली थाना क्षेत्र से निबोहरा के कछपुरा निवासी भोला और कोतवाली थाना क्षेत्र से मिठावली निवासी राकेश गुर्जर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के पास से तमंचे बरामद किए। रविवार को थाना एत्माददौला पुलिस को दोनों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई।
एसएसपी मुनिराज जी. ने आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था। दोनों आरोपी अपहरण में शामिल रहे थे। इनके अलावा धर्मेंद्र, गिर्राज, दशरथ और तरुण शर्मा फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगी है। सीओ छत्ता दीक्षा सिंह ने बताया कि भोला और रामकेश की गिरफ्तारी की जानकारी मिली है। अब पुलिस दोनों को बी वारंट पर लेकर आएगी।