फिरोजाबाद जिले के गांव नगला मानसिंह में दो अगस्त को हुई युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने शुक्रवार को खुलासा कर दिया। इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से बाइक, एक तमंचा, मोबाइल एवं कारतूस बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना गुनाह कबूल करते हुए ऐसी बातें बताईं, जिन सुनकर पुलिस भी हैरान रह गई।
पुलिस अधीक्षक (एसपी) देहात राजेश कुमार ने बताया कि थाना सिरसागंज के नगला मानसिंह में दो अगस्त को सतेंद्र यादव की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस मामले में थाना नगला खंगर क्षेत्र के इशहाकपुर निवासी राघवेंद्र उर्फ काके पुत्र प्रेमदेव यादव और उसके साथी अनिल यादव पुत्र रामदेव को गिरफ्तार किया है।
पूछताछ में आरोपी राघवेंद्र उर्फ काके ने बताया कि उसने धोनई निवासी प्रदीप की हत्या की साजिश रची थी, लेकिन गलती से सतेंद्र के गोली लग गई और उसकी मौत हो गई। राघवेंद्र का कहना है कि वर्ष 2014 में एक लड़की के चक्कर में प्रदीप पुत्र अजयपाल सिंह ने इशहाकपुर से धौनई बुलवाकर पिटवाया था।