टायर फटने के बाद एक्सप्रेस-वे पर पलटा ट्रक
माइल स्टोन 85 पर हुआ हादसा, बाल-बाल बचे चालक और खलासी
संवाद न्यूज एजेंसी
करहल। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार की रात अचानक एक ट्रक का टायर फट गया। अनियंत्रित ट्रक कुछ दूरी पर पलट गया। ट्रक पलटने से पहले ही चालक परिचालक ने कूद कर जान बचा ली। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन हटवा कर मार्ग का आवागमन सुचारू कराया।
शनिवार की देर रात एक ट्रक माल लाद कर फरीदाबाद से महोबा के लिए जा रहा था। थाना क्षेत्र में आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे माइलस्टोन 85 किमी पर पहुंचते ही अचानक ट्रक का टायर तेज धमाके के साथ फट गया। चालक ने ट्रक को नियंत्रित करने का प्रयास किया लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। कुछ दूर जाकर ट्रक मार्ग पर पलट गया। लेकिन इस से पहले चालक प्रदीप सिंह निवासी गांव नभ वैशाली थाना मेरवास राजस्थान और खलासी ने ट्रक से कूद कर अपनी जान बचाई। हादसे की सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक कुशल पाल पुलिस बल के साथ पहुंच गए। दुर्घटनाग्रस्त ट्रक को हाइड्रा की मदद से हटवाया। इसके बाद पुलिस ने मार्ग का आवागमन सुचारु कराया।