फतेहाबाद। थाना क्षेत्र के सारंगपुर गांव के पास बुधवार शाम खेत से आलू भरकर कोल्ड स्टोरेज जा रहे ट्राॅला में अचानक आग लग गई। ट्रोला धू-धूकर जलने लगा। घटनास्थल पर माैजूद लोगों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई, लेकिन तब तक आलू के 170 पैकेट जलकर खाक हो गए।
हादसा शाम 4 बजे करीब हुआ। गांव सारंगपुर निवासी किसान मनमोहन शर्मा पुत्र बृजराज शर्मा ने बताया कि खेत से चालक ट्रैक्टर ट्राॅला में 250 पैकेट रखकर कोल्ड स्टोरेज में जमा करने जा रहा था। गांव से निकलते ही ट्रैक्टर ट्राॅला में रखे आलू के पैकटों में आग लग गई। जानकारी पर बड़ी संख्या में गांव लोगों मौके पर पहुंचे और आधा घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक 170 पैकेट आलू के जलकर नष्ट हो गए। फिलहाल ट्राॅला में आग लगने का कारण पता नहीं चल सका है। पीड़ित किसान के मुताबिक सवा लाख रुपये का नुकसान हुआ है।