आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दूर जा गिरा, लेकिन मोटर साइकिल ट्रक में भी फंस गई। ट्रक चालक बाइक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटता ले गया।
आगरा के ट्रांस यमुना क्षेत्र में मंडी समिति के पास आगरा-फिरोजाबाद हाईवे पर बुधवार शाम ट्रक ने बाइक को चपेट में ले लिया। बाइक को एक किमी तक घसीटता ले गया। मगर हेलमेट लगाए होने से बाइक सवार की जान बच गई।
विज्ञापन
हादसा शाम करीब सात बजे हुआ। कालिंदी विहार के अमीरचंद बाइक से कपड़ों का थैला लेकर जीवनी मंडी गोदाम की ओर जा रहे थे। मंडी समिति के समीप फिरोजाबाद की ओर से आ रहे ट्रक ने अमीरचंद को चपेट में ले लिया। वह उछलकर दूर जा गिरे और बाइक ट्रक के अगले पहियों में फंस गई।
चालक ने ट्रक को नहीं रोका। राहगीरों ने शोर मचाया, लेकिन ट्रक चालक करीब एक किलोमीटर बाद जाकर रुका। तब बाइक को निकाला गया। घायल बाइक सवार को अस्पताल में भर्ती कराया गया। प्रत्यक्षदर्शी नमित सिकरवार ने बताया कि हेलमेट होने के कारण बाइक सवार की जान बच गई।