फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

दर्दनाक हादसा: ट्रक ने बाइक सवार युवक कुचला, मौके पर मौत; मासूम ममेरी बहन की हालत गंभीर

Mon, 15 Apr 2024 09:41 PM IST
धीरेन्द्र सिंह अमर उजाला न्यूज नेटवर्क, आगरा

सार

ताजगंज में गुतिला मोड़ पर स्कूल से ममेरी बहन को लेकर घर जा रहे युवक को ट्रक ने रौंद दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबिक बालिका घायल हो गई है, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 

 
विज्ञापन
सड़क हादसा - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

आगरा के गुतिला मोड़ (ताजगंज) में सोमवार की दोपहर अनियंत्रित ट्रक ने स्कूल से स्कूटी पर लौट रहे भाई-ममेरी बहन को टक्कर मार दी। ट्रक स्कूटी को कई मीटर तक घसीटता ले गया। इस हादसे में घर के इकलौते बेटे की मौत हो गई, जबकि 6 वर्षीय बहन गंभीर घायल है। घटना की जानकारी पर जुटे ग्रामीणोें ने हंगामा कर जाम लगाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने समझा-बुझाकर शांत करा दिया।
विज्ञापन


घटना दोपहर 12:30 बजे की है। गांव गुतिला निवासी संजीव कुमार किसान हैं। उनके बेटे देवेश (18) ने इस साल इंटरमीडिएट की परीक्षा दी थी। रिश्तेदार बच्चू सिंह ने बताया कि देवेश की ममेरी बहन अतिथि उर्फ अनन्या (6) घर के पास ही स्थित संस्कार वैली स्कूल में पढ़ती है। देवेश बहन को छुट्टी के बाद स्कूल से घर लेकर इलेक्ट्रिक स्कूटी से लौट रहा था।
गुतिला मोड़ अंडरपास पर विपरीत दिशा से आए ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इसके बाद भी ट्रक नहीं रुका। दोनों को घसीटता हुआ आगे तक ले गया। देवेश ट्रक के नीचे फंस गया। आगे जाकर ट्रक के रुकने पर चालक भाग गया। घटना के बाद लोग जुट गए।
विज्ञापन


सूचना पर पुलिस पहुंच गई। आधा घंटे बाद जैक की मदद से ट्रक को उठाने के बाद देवेश को बाहर निकाला जा सका। उसकी मौत हो चुकी थी। वहीं घायल अतिथि को अस्पताल में भर्ती कराया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम गृह भेजने के लिए कब्जे में लिया तो लोग आक्रोशित हो गए। ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। जाम लगाने का भी प्रयास किया। मार्ग से निकलकर जा रहे वाहनों को रोकने लगे। मगर, पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया। तब शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। थाना ताजगंज प्रभारी ने बताया कि ट्रक चालक के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।

हादसे ने बुझा दिया घर का चिराग
गुतिला निवासी संजीव कुमार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। देवेश घर में इकलौता बेटा था। वह प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी में लगा था। उसकी दो बहन संजना और अंजलि हैं। अतिथि उर्फ अनन्या के पिता हरिओम धौलपुर में रहते हैं। अतिथि कई साल पहले बुआ के घर में रहने आ गई थी। इकलौते भाई की मौत से बहनों का हाल बेहाल है। मां रिषी देवी बेसुध हो गर्ईं। पिता के आंसू नहीं रुक रहे थे।

यातायात पुलिस तैनात करने की मांग
गांव के लोगों का कहना था कि शमसाबाद मार्ग पर आए दिन हादसे होते हैं। वाहनों को चालक तेज गति से चलाते हैं। इससे रास्ते से निकलकर जा रहे लोग हादसों का शिकार हो रहे हैं। इस मार्ग पर किसी कट और मोड़ पर पुलिस तैनात नहीं रहती है। तेज गति में वाहन निकलने से हादसे हो जाते हैं। लोगाें ने यातायात पुलिस तैनात करने की मांग की है।
विज्ञापन



 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें