आगरा में पांच स्मारकों पर 50 फुट ऊंचा तिरंगा फहराया जाएगा। भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण ने दो स्थानों पर तिरंगे लगा लिए हैं, तीन नए स्थानों पर कार्य चल रहा है। एएसआई अधीक्षण पुरातत्वविद राजकुमार पटेल ने बताया कि आगरा किला और फतेहपुर सीकरी में 50 फुट ऊंचे तिरंगे लग चुके हैं, शुभारंभ 15 अगस्त को होना है। ताजमहल के पास सीआईएसएफ की बैरक करभना में, अकबर का मकबरा परिसर में कांच महल के सामने और रामबाग स्मारक परिसर में 50 फुट ऊंचा तिरंगा लगाया जाएगा। यह काम 30 अगस्त तक पूरा होना है।
जसवंत सिंह की छतरी
- फोटो : अमर उजाला
रोशन हुए चीनी का रोजा, जसवंत सिंह की छतरी
अमृत महोत्सव के तहत एएसआई ने सिकंदरा, फतेहपुर सीकरी, आगरा किला, एत्माद्दौला को रोशन कर रखा है। शनिवार से यमुनापार के चीनी का रोजा और बल्केश्वर स्थित जसवंत सिंह की छतरी स्मारकों को भी तिरंगी रोशनी से जगमगा दिया गया। लाइटिंग देखने के लिए लोग ठहर गए। यमुना नदी में पानी भरपूर होने से स्मारक पर पड़ रही लाइट का अक्श नदी पर नजर आया।
एडीआरडीई ने निकाली जागरूकता रैली
रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन की प्रयोगशाला हवाई वितरण अनुसंधान एवं विकास संस्थापन (एडीआरडीई) ने आगरा कैंट और रानी लक्ष्मीबाई चौराहे पर हर घर तिरंगा अभियान के लिए जागरूकता रैली निकाली। एडीआरडीई के निदेशक डॉ. मनोज कुमार, वैज्ञानिक एसएम जैन समेत अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे।
एडीए ने जोनल पार्क से निकाली तिरंगा यात्रा
अमृत महोत्सव के तहत आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने घर-घर जाकर अपनी कॉलोनियों के लोगों को तिरंगों का वितरण किया और जोनल पार्क से लेकर आई लव आगरा सेल्फी प्वाइंट, फतेहाबाद रोड तक तिरंगा यात्रा निकाली। सेल्फी प्वाइंट तक कृष्ण प्रयाग पब्लिक स्कूल, ताजगंज के बच्चों ने प्रभात फेरी निकाली।