डैंपियर नगर में संक्रमित परिवार के घर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (13 मई की तस्वीर)
- फोटो : अमर उजाला
मथुरा में कोरोना संक्रमण का कहर थम नहीं रहा। मंगलवार को ट्रांसपोर्ट कारोबारी की पत्नी का संक्रमण से निधन हो गया। वह 15 दिन पहले कोरोना संक्रमित हुई थीं। शहर के निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। परिवार के अन्य लोग भी संक्रमित हो चुके हैं। मृतका के बेटे से 13 मई को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मुलाकात की थी।
कोरोना महामारी से निपटने की व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जिलों का दौरा कर रहे हैं। इसी क्रम में 13 मई को मथुरा का दौरा किया था। इस दौरान मुख्यमंत्री शहर के डैंपियर नगर निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी छोटेलाल माहेश्वरी के घर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने मृतका के बेटे अजय माहेश्वरी से मुलाकात की थी।
माहेश्वरी परिवार के सात सदस्य कोरोना संक्रमित हो चुके हैं। चार सदस्य होम आइसोलेशन में ठीक हो चुके हैं, जबकि छोटेलाल माहेश्वरी की पत्नी सुशीला देवी की तबीयत ज्यादा बिगड़ने पर उन्हें नयति अस्पताल में भर्ती कराया गया था। मंगलवार को सुशीला देवी की मृत्यु हो गई। नगर आयुक्त अनुनय झा ने कोविड प्रोटोकॉल के तहत उनके शव का अंतिम संस्कार कराया है।
वृंदावन के आश्रय सदन में 32 वृद्ध माताएं संक्रमित
कोरोना संक्रमण से सोमवार को दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 340 नए पॉजिटिव केस सामने आए हैं।वृंदावन के महिला आश्रय सदन में 32 वृद्ध माताएं कोरोना पॉजिटिव पाई गईं। इसके साथ ही वृंदावन में कुल 56 केस सामने आए हैं। जिले में संक्रमण से मरने वालों की संख्या जहां 254 हो गई है तो वहीं संक्रमितों का आंकड़ा भी बढ़कर 19491 हो गई है। एक्टिव केस 2234 हैं।
जिला जेल और नयति अस्पताल में भी कोरोना संक्रमित मिलने का सिलसिला जारी है। मथुरा के अलग-अलग स्थानों से 118 संक्रमित मिले हैं। छाता में 26, फरह में 22, गोवर्धन में 17, नौहझील में 19, कोसीकलां में 14, राया में 20, चौमुहां में 15 और बलदेव में संक्रमण 9 मामले सामने आए हैं।