अमांपुर। शनिवार की रात 400 केवीए के टांसफार्मर का तार टूटने से आधे कस्बे की विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई। भीषण गर्मी में लोग रात भर परेशान रहें। लोगों ने जिलाधिकारी से कस्बे के जर्जर हो चुके तारों को बदलवाने की मांग की है।
कस्बे के पुराने थाने के पास स्थित 400 केवीए के टांसफार्मर से एचटी लाइन के तार में पहले चिंगारी उठी और फिर तार टूटकर सड़क पर गिर गया। तार टूट जाने से सराफा बाजार, सुभाष नगर, जवाहर नगर, इंद्रानगर, ददवारा आदि मोहल्लों की विद्युत आपूर्ति रात्रि से बाधित हो गई। रविवार की सुबह तक बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं हो सकी। लोगों को पानी की दिक्कतें भी उठानी पड़ीं। गर्मी में पंखे, कूलर सभी शो पीस बनकर रहे गए। इन्वर्टर भी रात में से चार्ज नहीं हो सके।
लोगों का कहना है कि एक पखवाड़े से पांच से छह घंटे की विद्युत आपूर्ति हो रही हैं। उसमें बार बार ट्रिपिंग होती हैं। जिससे गर्मी के मौसम में लोग परेशान हैं। लोगों ने जिलाधिकारी से मांग की है कि विद्युत के जर्जर तारों को बदलवाया जाएं। मांग करने वालों में शीलू सोलंकी, अनुज राघव, पुष्पेंद्र वर्मा, राकेश पाराशर, विमल जिंदल, सुनील गुप्ता, दरवेश फौजी, सोनू गुप्ता, जयपाल यादव, आकाश गुप्ता सर्राफ, ओमप्रकाश वर्मा, शकील टेलर, शिवांशू माथुर, बबलू यादव सभासद, दीपक सोलंकी, रियाज खान, हेमंत दीक्षित, अरबाज खान, शाहरुख खान आदि शामिल हैं।