मैनपुरी। जिले के 330 शिक्षकों को स्थानांतरण का लाभ मिलेगा। अंतर्जनपदीय स्थानांतरण को लेकर शिक्षक संगठन लगातार मांग कर रहे थे। रविवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंतर्जनपदीय स्थानांतरण के लिए अनुमति दे दी।
इससे जिले के शिक्षकों को भी लाभ मिलेगा। रविवार की देर शाम जिले में स्थानांतरण को लेकर पत्र पहुंच गया। बीएसए ने अधीनस्थों को शासनादेश के तहत तैयारी करने के निर्देश दिए हैं। स्थानांतरण के आदेश पर जिले के सभी शिक्षक संगठनों ने राहत भरी सांस ली है। कोरोना महामारी के कारण मार्च में होने वाला स्थानांतरण टाल दिया गया था।
इन्हें मिलेगी प्राथमिकता
पारस्परिक स्थानांतरण, दिव्यांग शिक्षक-शिक्षिका, गंभीर व असाध्य बीमारियों से ग्रसित शिक्षक-शिक्षिका, सैन्य परिवारों से संबंधित शिक्षक-शिक्षिका।
शासनादेश का पालन करते हुए पारदर्शी स्थानांतरण प्रक्रिया के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है। अधीनस्थों को तैयारियों के लिए कहा गया है। - विजय प्रताप सिंह बीएसए