मिर्जापुर के जिगना रेलवे स्टेशन की घटना
- फोटो : अमर उजाला
इटावा से आगरा कैंट स्टेशन आ रही इटावा आगरा पैसेंजर ट्रेन के टायलेट में बम की सूचना पर हड़कंप मच गया। डायल 100 कंट्रोल रूम से सूचना मिलने के बाद ट्रेन को आगरा सिटी स्टेशन पर रोकने के बाद यात्रियों को आनन फानन में उतारा गया। इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ के जवानों ने बीडीएस टीम के साथ ट्रेन में तलाशी अभियान चलाया। तकरीबन दो घंटे की छानबीन के बाद गाड़ी में कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। दो घंटे बाद ट्रेन को कैंट स्टेशन रवाना कर दिया गया। अन्य ट्रेनों में भी चेकिंग करवाई गई।
इटावा से बुधवार की सुबह आगरा कैंट स्टेशन जाने वाली पैसेंजर ट्रेन (नंबर 64157) के टायलेट में बम रखे होने की सूचना किसी व्यक्ति ने डायल 100 कंट्रोल रूम पर दी। उस वक्त टूंडला की ओर से आगरा कैंट स्टेशन पर आ रही इटावा पैसेंजर ट्रेन यमुना ब्रिज स्टेशन पार कर चुकी थी। ट्रेन को आगरा सिटी स्टेशन पर रोक दिया गया। ट्रेन में सवार तकरीबन 500 यात्रियों को आनन फानन में बाहर निकाला गया। डॉग स्क्वैड और बीडीएस टीमों ने चेकिंग शुरू की। इसी बीच रेलवे के संरक्षा अधिकारी एएस संत भी मौके पर पहुंच गए। आरपीएफ और जीआरपी जवानों ने सिटी स्टेशन के प्लेटफार्म को भी खाली करा लिया। तलाशी के दौरान टीमों को ट्रेन में बम तो नहीं लेकिन गंदगी जरूर मिली। सुबह 10.15 बजे से 12 बजे तक ट्रेन की तलाशी ली गई। इसी दौरान आगरा कैंट, आगरा फोर्ट, राजा की मंडी, ईदगाह स्टेशनों पर भी जीआरपी और आरपीएफ ने ट्रेनों की सघन चेकिंग की। दोपहर 12.10 बजे ट्रेन को आगरा कैंट रवाना कर दिया गया। बम की सूचना से स्टेशन पर दहशत जरूर रही। अधिकांश यात्रियों ने सिटी स्टेशन पर ही सफर खत्म कर दिया। हालांकि 40-50 यात्री जरूर ट्रेन से आगरा कैंट रवाना हुए।
गणतंत्र दिवस के मद्देनजर अलर्ट
सीओ जीआरपी राजकुमार गौतम ने बताया कि बम की सूचना पर लगभग सभी गाड़ियों में चेकिंग शुरू करा दी गई है। अगले 24 घंटे तक निरंतर चेकिंग जारी रहेगी। पैसेंजर की चेकिंग में कोई संदिग्ध सामान नहीं मिला है।