कासगंज में प्रतीकात्मक फोटो डेमू ट्रेन।
- फोटो : KASGANJ
कासगंज। रेलवे बोर्ड ने इज्जतनगर रेल मंडल को गुजरते साल में नई सौगात दी है। एक डेमू रैक मंडल मुख्यालय को मिल गई है। यह ट्रेन अब कासगंज-बरेली ट्रैक पर अब जल्द रफ्तार भरेगी। रेलवे अधिकारी अब समय सारणी आने का इंतजार कर रहे हैं। ऑपरेटिंग विभाग ट्रेन के संचालन की तैयारी में जुट गया है।
कासगंज से बरेली के बीच ट्रैक पर डेमू ट्रेन का लंबे समय से इंतजार है। सितंबर 2018 में इज्जतनगर रेलमंडल को मिली डेमू ट्रेन बरेली सिटी से पीलीभीत और लालकुआं के बीच चलाई जा रही है। अब चार दिन पहले ही चेन्नई की आईसीएफ (इंट्रीग्रल कोच फैक्ट्री) से एक डेमू रैक इज्जतनगर मंडल को मिली है। इसका संचालन कासगंज रेल ट्रैक पर किया जाएगा। ऑपरेटिंग विभाग ने डेमू ट्रेन को चलाने की तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे बोर्ड से अब समय सारणी का इंतजार किया जा रहा है। समय सारणी आते ही डेमू ट्रेन रफ्तार भरने लगेगी।
मथुरा तक हो सकता है संचालन
कासगंज। सूत्रों के अनुसार, नई डेमू ट्रेन बरेली से कासगंज तक न होकर अपितु मथुरा जंक्शन तक चलाई जा सकती है। इज्जतनगर रेलमंडल में कासगंज-मथुरा रेलपथ ही ऐसा है, जहां डेमू ट्रेन का संचालन नहीं हो रहा है।