फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

आगरा-इटावा के बीच नई ट्रेन कल से

Wed, 23 Dec 2015 02:27 AM IST
ब्यूरो, अमर उजाला आगरा
विज्ञापन
विज्ञापन
आगरा-इटावा के बीच नई रेल लाइन पर डीएमयू पैसेंजर गाड़ी को 24 दिसंबर को बटेश्वर हाल्ट पर केंद्रीय रेल राज्यमंत्री मनोज सिन्हा हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। बीहड़ के बीच चलने वाली इस ट्रेन के संचालन से शमसाबाद, फतेहाबाद, बाह, बटेश्वर, उदी और जैतपुर के दूरस्थ इलाकों के लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
विज्ञापन

पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने वर्ष 1999 में इस रेल परियोजना की आधारशिला रखी थी। उनकी जन्मस्थली बटेश्वर से ही डीएमयू पैसेंजर ट्रेन को रेल राज्य मंत्री दोपहर 12.30 बजे हरी झंडी दिखाकर इटावा के लिए रवाना करेंगे। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, रेल राज्यमंत्री स्पेशल ट्रेन से बटेश्वर पहुंचेंगे। उनके साथ उत्तर मध्य रेलवे के अधिकारी भी होंगे। बता दें, तकरीबन एक साल से इस ट्रैक पर मालगाड़ी का संचालन किया जा रहा था। आगरा से भांडई के बीच तक मालगाड़ी चलाई जा रही थी। उदी से इटावा तक के ट्रैक पर संचालन के लिए मुख्य संरक्षा आयुक्त की रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था। इस रिपोर्ट के आने के बाद से रेल अधिकारियों ने रेलवे ट्रैक पर मालगाड़ी का संचालन शुरू कर दिया था।
--------
कम होगी बीहड़ की दूरी
डीएमयू के संचालन से आगरा की दूरस्थ तहसील बाह से आगरा की दूरी कम हो जाएगी। रेलमार्ग से जुड़ने के कारण बाह, बटेश्वर, मानिकपुरा, जैतपुर कलां, फतेहाबाद, शमसाबाद, भांडई, भदरौली के ग्रामीणों को आवागमन में सुविधा रहेगी। इन इलाकों के लोगों के लिए आगरा आना जाना सुलभ हो जाएगा और समय की बचत भी होगी।
विज्ञापन

-----
ये रहेगी टाइमिंग
25 दिसंबर से डीएमयू की टाइमिंग इस प्रकार रहेगी।
इटावा स्टेशन से सुबह      5.55 बजे
उदी स्टेशन पर               6.15
जैतपुरा हॉल्ट                6.32
मानसिंह का पुरा हॉल्ट       6.52
जैतपुर कलां हाल्ट             7.06
बाह स्टेशन                   7.22
बटेश्वर हॉल्ट                 7.37
भदरौली                      7.50
मानिकपुरा                    8.05
फतेहाबाद                     8.27
धिमिश्री                       8.46
शमसाबाद                    8.58
भांडई                          9.31
आगरा                         10.00
आगरा से शाम 4.30  बजे चलकर ट्रेन रात नौ बजे इटावा स्टेशन पर पहुंचेगी।

रेलवे ने अपनाया मुंशी प्रेमचंद्र का ‘बटेसर’ 
बाह। हिंदी के महान कहानीकार मुंशी प्रेमचंद्र ने अपनी कहानी ‘पंचपरमेश्वर’ में बटेश्वर के लिए ‘बटेसर’ शब्द का प्रयोग किया था। आज उसी शब्द का रेलवे ने प्रयोग किया है। रेलवे स्टेशन बटेश्वर हाल्ट को ‘बटेसर’ नाम दिया गया है। मुंशी प्रेमचंद्र ने अपनी कहानी में बटेश्वर मेले से कहानी के नायक अलगू चौधरी के बैलों की जोड़ी खरीदकर ले जाने का जिक्र किया था। कहानी में उन्होंने बटेश्वर के लिए ‘बटेसर’ शब्द प्रयोग किया था। इसे एक संयोग ही कहा जायेगा कि रेलवे ने भी बटेश्वर हाल्ट स्टेशन को ‘बटेसर’ नाम दिया है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी बाजपेयी के जन्मदिन की पूर्व बेला पर यात्री ट्रेन का संचालन शुरू होगा। इसके लिए बिजकौली में बटेश्वर हाल्ट की रंगत बदलने लगी है। यहां पर यात्रियों के बैठने के लिए बेंचें बनाई गई हैं। उनको टिनशेड से कबर किया गया है। रेलवे ट्रैक के दोनों ओर चौड़ीकरण का काम अभी भी चल रहा है। अब तक यहां पर सिग्नल सिस्टम नहीं था। उसको भी लगाया गया है। उद्घाटन समारोह के लिए पंडाल तैयार किया जा रहा है। पानी के लिए हैंडपंप लग गया है। टिकट खिड़की की रंगत बदल गई है। रंगाई-पुताई के अलावा टिकट खिड़की तक पहुंचने के लिए सीढ़ियां बनाई गई हैं। इनके दोनों ओर रेलिंग लगाई गई है। वहीं, गांव के लोग बटेश्वर से चार किमी दूर स्थिति बिजकौली गांव में बने बटेश्वर हाल्ट को स्टेशन में बदलने और स्टेशन के साथ अटल का नाम जोड़ने की मांग कर रहे हैं। ग्रामप्रधान लक्ष्मीनरायन, अनिल यादव, मनोज कुमार, मुन्नेश कुमार, पुनीत यादव, गणेश, जय नरायन सिंह, मनोज मिश्रा, दिनेश मिश्रा, चरन सिंह यादव, मनोज वर्मा, रामतीर्थ, दिनेश कुमार आदि ने कहा है कि यहां बड़ा स्टेशन बनाया जाना चाहिए।
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें