बेटे और बहू के साथ ताज का दीदार करने आईं 71 वर्षीय ए ललिथा की अचानक ही तबीयत खराब हो गई। उन्हें एसएन अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
ताजमहल का दीदार करने आईं श्रीलंका की 71 वर्षीय ए ललिथा की मंगलवार दोपहर को होटल से निकलते समय तबीयत बिगड़ गई। उनके साथ आए बेटे और बहू एसएन मेडिकल काॅलेज इमरजेंसी लेकर आए जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
विज्ञापन
डीसीपी सिटी सोनम कुमार ने बताया कि श्रीलंका से पर्यटकों का दल आगरा आया था। इनमें ए ललिथा भी शामिल थीं। उनके साथ बेटा निशांथा और पुत्रवधू एल अमरा जयंथी भी थे। सभी होटल चाणक्य में ठहरे हुए थे। बेटे ने पुलिस को बताया कि मां ए ललिथा बीमार रहती थीं। उन्हें उच्च रक्तचाप की शिकायत थी। होटल से निकलते समय उनकी तबीयत खराब हो गई थी। इस पर अस्पताल लेकर आए। चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। उन्होंने शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया। इस पर पुलिस ने पंचनामा भरकर परिजन के सुपुर्द कर दिया।
दिल्ली की पर्यटक हुईं बेहोश, पैरों में आई चोट
ओखला, नई दिल्ली निवासी शहजादा और उनकी पत्नी फहमीदा (55) मंगलवार को ताजमहल देखने आए थे। शाम 4 बजे वो पश्चिमी गेट के सामने नीम तिराहे बैरियर के पास निकल रहे थे। तभी फहमीदा बेहोश हो गईं। इससे उनके दोनों पैरों में चोट आ गई। परिजन ने क्विक रिस्पांस टीम को जानकारी दी। उन्हें तत्काल पश्चिमी गेट पार्किंग स्थित पर्यटन सुविधा केंद्र से एंबुलेंस में अस्पताल भिजवाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत में सुधार हो गया। पर्यटन सुविधा केंद्र के चिकित्सक रिंकू बघेल ने बताया कि पर्यटक का ब्लडप्रेशर लो होने के कारण गिर गई थीं, जिन्हें आवश्यक उपचार दिया गया। अब वह स्वस्थ हैं।