आगरा नेशनल हाईवे के गुरुद्वारा गुरु का ताल कट और सिकंदरा तिराहा पर शनिवार को सुबह से शाम तक जाम ने परेशान किया। दोपहर में स्कूली वाहन निकलने की वजह से वाहन फंस गए। शाम को वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण जाम लगा। एक मिनट की दूरी तय करने में आधा घंटा लग गया। वाहनों की लंबी लाइन को खत्म कराने में पुलिस भी फेल साबित हो रही है।
शनिवार दोपहर 12 बजे से गुरुद्वारा गुरु का ताल कट पर जाम लगने लगा था। यहां पर मेट्रो का काम चल रहा है। सर्विस रोड पर पेट्रोल पंप से आगे काम शुरू होने से आरओबी से खंदारी जाने वाले वाहन नहीं निकल पा रहे हैं। पेट्रोल पंप के सामने से दोनों तरफ मेट्रो की बैरिकेडिंग होने से समस्या बढ़ गई है।
इससे आईएसबीटी तक वाहनों की लाइन लग रही है। सिकंदरा तिराहे पर भी यातायात व्यवस्था बेपटरी रही। शाम चार बजे से 7 बजे तक समस्या रही। भावना एस्टेट रोड के सामने बने कट पर वाहनों के मुड़ने की वजह से जाम लग रहा रहा था। इसका पुलिस के पास भी कोई समाधान नहीं था।
एमजी रोड, मदिया कटरा की समस्या नहीं हुई दूर
दोपहर दो बजे से एमजी रोड और मदिया कटरा पर जाम लग गया। स्कूली वाहनों के निकलने पर वाहन फंस गए। सबसे ज्यादा दिक्कत सेंट जोंस से आगरा कॉलेज तक रही। इमरजेंसी पर रास्ता कम बचने की वजह से बसों को समय लगता है। एक बस के आने पर पीछे बड़ी संख्या में वाहन फंस रहे हैं। सेंट जोंस चौराहे पर सड़क निर्माण की वजह से रास्ता रोका गया है। इस कारण हरीपर्वत से मदिया कटरा होते हुए वाहन निकल रहे हैं। यहां पर भी रोजाना जाम लग रहा है।